सुपेला में शराब बिक्री पर 30 हजार जुर्माना, सूचना देने वाले को 10 हजार इनाम
सार्वजनिक जगह शराब पीने पर पांच हजार अर्थदंड, पानी पाउच-डिस्पोजल बेचने पर भी कार्रवाई
धमतरी, 18 सितंबर (हि.स.)। ग्राम विकास समिति सुपेला ने नशे और असामाजिक गतिविधियों पर सख्ती बरतने का निर्णय लिया है। शुक्रवार काे समिति की बैठक में शराब बिक्री, सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने, जुआ-ताश तथा दुकानों में पानी पाउच और डिस्पोजल की बिक्री पर अर्थदंड निर्धारित करते हुए इन निर्णयों को सर्वसम्मति से पारित किया गया।
ग्राम विकास समिति के अनुसार गांव में शराब बेचते हुए पकड़े जाने पर 30 हजार रुपये का अर्थदंड लगाया जाएगा। वहीं शराब बिक्री की सूचना देने वाले व्यक्ति को 10 हजार रुपये का इनाम दिया जाएगा। सार्वजनिक स्थान पर शराब पीते पकड़े जाने पर पांच हजार रुपये का अर्थदंड निर्धारित किया गया है, जबकि इसकी सूचना देकर संबंधित व्यक्ति को पकड़वाने वाले को दो हजार रुपये का इनाम मिलेगा। इसी तरह दुकानों में पानी पाउच एवं डिस्पोजल बेचने पर पांच हजार रुपये का अर्थदंड लगाया जाएगा तथा इसकी सूचना देकर कार्रवाई करवाने वाले व्यक्ति को दो हजार रुपये का इनाम दिया जाएगा।
समिति ने गांव में ताश और जुआ खेलने पर भी प्रतिबंध लगाने का निर्णय लिया है। ग्राम विकास समिति अध्यक्ष दिग्विजय सिंह ने कहा कि इन निर्णयों का उद्देश्य गांव में शांतिपूर्ण, स्वच्छ और नशामुक्त वातावरण तैयार करना है। उन्होंने ग्रामीणों से नियमों का पालन करने और गांव के हित में सहयोग करने की अपील की। समिति सचिव कन्हैया लाल साहू ने कहा कि सभी निर्णय ग्रामीणों की सहमति से लिए गए हैं। नियमों का उल्लंघन करने वालों पर निर्धारित अर्थदंड लगाया जाएगा और सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखते हुए नियमानुसार इनाम दिया जाएगा।
सरपंच चेतन लाल देवांगन ने कहा कि गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने और नशामुक्त वातावरण तैयार करने की दिशा में यह अच्छी पहल है। इससे आसपास के गांवों में भी जागरूकता का संदेश जाएगा। बैठक में समिति उपाध्यक्ष खिलावन साहू, कोषाध्यक्ष दयालु राम साहू, संरक्षक कृष्णदयाल साहू, सोनऊ राम देवांगन, अनिरुद्ध देवांगन, हितेंद्र साहू, मोहित यादव, ढाकेश्वर साहू, परमानंद साहू, तेजराम साहू, शत्रुहन लाल देवांगन, ललित सेन, दशेलाल देवांगन, कामता देवांगन, गुमान यादव, गौतम देवांगन, रामनारायण साहू, भानुप्रताप साहू सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा