प्रतिबंधित स्थल पर कचरा फेंकने वाले विप्रा फर्नीचर पर लगा 05 हजार का जुर्माना
जगदलपुर, 10 नवंबर (हि.स.)। स्वच्छता नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ निगम प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाते हुए शहर के प्रतिबंधित स्थल पर कचरा डंप करते पाए जाने पर विप्रा फर्नीचर के विरुद्ध दंडात्मक कार्रवाई की गई।
मिली जानकारी के अनुसार, बोधघाट थाना के पीछे करकापाल रोड स्थित क्षेत्र को कचरा फेंकने के लिए प्रतिबंधित घोषित किया गया है। इसके बावजूद विप्रा फर्नीचर द्वारा उक्त स्थान पर खुलेआम कचरा डाला जा रहा था। मामले की जानकारी मिलते ही संबंधित टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की और नियमों के उल्लंघन पर कड़ा संज्ञान लिया। स्वच्छता नियमों की अवहेलना करने पर संस्थान के नाम 5,000 रुपये का चालान काटकर मौके पर ही रसीद थमाई गई। साथ ही भविष्य में प्रतिबंधित या सार्वजनिक स्थलों पर कचरा न फेंकने की सख्त चेतावनी दी गई।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि त्योहार या सामान्य दिनों में शहर की स्वच्छता व्यवस्था से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्रतिबंधित स्थलों पर गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। नागरिकों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों से अपील की गई है कि वे निर्धारित कचरा संग्रहण वाहनों या डंपिंग साइट्स का ही उपयोग करें।
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे