कांकेर में मादा तेंदुआ शावकों के साथ दिखी, ग्रामीणों ने वन विभाग को किया सूचित
कांकेर, 26 अगस्त (हि.स.)। जिले के कोरर क्षेत्र अंर्तगत ग्राम कोकानपुर के मावली माता पहाड़ पर आज बुधवार काे वन्य प्राणी मादा तेंदुआ अपने शावकों के साथ नजर आई। ग्रामीणों ने दूर से तेंदुओं का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर शेयर किया, जो तेजी से वायरल हो रहा है।
एक मादा तेंदुआ और उसके शावकों को पहाड़ पर देखने के बाद ग्रामीणों ने तत्काल वन विभाग को इसकी सूचना दी। वीडियो सामने आने के बाद आस-पास के गांवों में भी लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी जा रही है। वीडियो में मादा तेंदुआ शावकों के साथ पहाड़ी क्षेत्र में घूमती नजर आ रही है। सूचना मिलने के बाद वन विभाग की टीम क्षेत्र में तेंदुओं की गतिविधियों पर नजर रख रही है।
कांकेर जिले में पिछले कुछ समय से वन्य प्राणी तेंदुआ, भालू समेत अन्य वन्यजीव के जंगल से निकलकर गांवों के आस-पास पहुंचने की घटनाएं सामने आती रही हैं। जंगल और पहाड़ी इलाकों से लगे गांवों में वन्य प्राणियाें की आवाजाही से मानव-वन्यजीव संघर्ष की आशंका बढ़ रही है। ग्रामीणों का कहना है कि खासकर बच्चों, बुजुर्गों और जंगल की ओर जाने वाले लोगों की सुरक्षा को लेकर चिंता बनी हुई है। फिलहाल ग्रामीणों से अपील की जा रही है कि तेंदुआ या किसी अन्य वन्यजीव को देखकर उसके करीब न जाएं। उसका पीछा करने, घेरने या छेड़ने की कोशिश भी न करें। वन विभाग को सूचना देकर सुरक्षित दूरी बनाए रखना ही सबसे सुरक्षित तरीका है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे