एफसीआई हमाल मजदूरों ने उठाई समस्याएं, समय पर वेतन, पीएफ और ईएसआई सुविधा की मांग

 


धमतरी, 15 जुलाई (हि.स.)। अधारी नवागांव स्थित भारतीय खाद्य निगम (एफसीआई) गोदाम में कार्यरत हमाल मजदूरों ने अपनी विभिन्न समस्याओं के निराकरण की मांग को लेकर बुधवार को कलेक्टर, अनुविभागीय दंडाधिकारी (राजस्व) तथा श्रम पदाधिकारी को ज्ञापन सौंपा।

छत्तीसगढ़ एफसीआई मजदूर एकता यूनियन जिला समिति धमतरी के माध्यम से दिए गए ज्ञापन में बताया गया कि एफसीआई गोदाम में करीब 100 हमाल मजदूर पिछले नौ वर्षों से लगातार कार्य कर रहे हैं। पूर्व में ठेकेदारों द्वारा प्रत्येक माह की 7 तारीख तक मजदूरी की राशि मजदूरों के बैंक खातों में जमा कर दी जाती थी, लेकिन वर्तमान ठेकेदार होरा ट्रांसपोर्ट कंपनी, जिसे 12 नवंबर 2025 को ठेका मिला, ने अब तक हमाल समूह के साथ विधिवत अनुबंध नहीं किया है। साथ ही मजदूरी का भुगतान भी हर माह विलंब से किया जा रहा है, जिससे मजदूरों को आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

ज्ञापन में मांग की गई है कि ठेकेदार कंपनी 15 दिनों के भीतर हमाल समूह के साथ अनुबंध करे, प्रत्येक माह की 5 तारीख तक मजदूरी का भुगतान सीधे बैंक खातों में सुनिश्चित किया जाए, मजदूरों के भविष्य निधि (पीएफ) में जमा की जा रही विसंगतियों को दूर कर नियमानुसार अंशदान जमा कराया जाए तथा कर्मचारी राज्य बीमा निगम (ईएसआई) का लाभ भी सभी पात्र मजदूरों को उपलब्ध कराया जाए। इसके अलावा अधारी नवागांव स्थित एफसीआई गोदाम में कार्यरत हमाल मजदूरों एवं चिल्हर हमालों को शहीद वीर नारायण सिंह श्रम अन्न योजना का लाभ प्रदान करने की भी मांग की गई है।

मजदूरों ने प्रशासन से शीघ्र हस्तक्षेप कर उनकी समस्याओं का समाधान कराने की मांग की है, ताकि उन्हें समय पर मजदूरी और शासन की श्रमिक हितैषी योजनाओं का लाभ मिल सके।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा