होली से पहले किसानों को मिलेगी सहायता राशि

 






कृषक उन्नति योजना अंतर्गत आदान सहायता राशि अंतरण और किसान सम्मेलन संपन्न

धमतरी, 28 फ़रवरी (हि.स.)। होली से पहले जिले के किसानों को बड़ी राहत मिली। कृषक उन्नति योजना के अंतर्गत शनिवार को आयोजित आदान सहायता राशि अंतरण कार्यक्रम एवं किसान सम्मेलन का आयोजन नवीन कृषि उपज मंडी, श्यामतराई (जिला धमतरी) में उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जिलेभर से किसान शामिल हुए।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जगदीश रामू रोहरा, महापौर नगर निगम धमतरी रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष नेहरू निषाद ने सहभागिता निभाई। इस दौरान पात्र किसानों के खातों में आदान सहायता राशि का सीधे अंतरण किया गया। किसानों को शासन की विभिन्न कृषि हितैषी योजनाओं की विस्तार से जानकारी भी दी गई। सम्मेलन में कृषि विभाग के अधिकारियों ने उन्नत खेती की तकनीक, फसल विविधीकरण, जैविक खेती, आधुनिक उपकरणों के उपयोग तथा शासकीय योजनाओं का लाभ लेने की प्रक्रिया पर मार्गदर्शन दिया।

किसानों को बदलते कृषि परिदृश्य में तकनीकी नवाचार अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। अपने संबोधन में जगदीश रामू रोहरा ने कहा कि राज्य और केंद्र सरकार किसानों की आय बढ़ाने और कृषि को लाभकारी बनाने के लिए निरंतर प्रयास कर रही हैं। उन्होंने किसानों से आधुनिक तकनीकों को अपनाने, योजनाओं का अधिकतम लाभ लेने और संगठित खेती की दिशा में आगे बढ़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि कृषक उन्नति योजना किसानों के लिए मजबूत संबल साबित हो रही है। उन्होंने यह भी कहा कि किसानों की समृद्धि से ही प्रदेश और देश की अर्थव्यवस्था मजबूत होती है। खातों में सीधे राशि अंतरण से पारदर्शिता बढ़ी है और किसानों को समय पर सहायता मिल रही है। कार्यक्रम के अंत में किसानों ने शासन के प्रति आभार व्यक्त किया। सम्मेलन ने किसानों में उत्साह और आत्मविश्वास का संचार किया।

इस अवसर पर पूर्व जिला अध्यक्ष भाजपा कुंज लाल देवांगन, महेंद्र पंडित, मोनिका देवांगन, धनेश्वरी साहू, दयाराम साहू, बाला राम साहू, ज्योति साहू, प्रकाश गोलछा, पिंटू यादव, ईश्वर सोनकर, संतोष सोनकर, मेघराज ठाकुर, गजेंद्र कंवर, अमन राव, अग्रवाल साहू, अवनेंद्र साहू सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं किसान उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा