बलरामपुर : कृषि विज्ञान केंद्र जाबर में किसानों को मिलेगा योजनाओं का लाभ, 16 जून को होगा विशेष कार्यक्रम
बलरामपुर, 14 जून (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर प्रदेशभर में ‘‘विश्वास के, विकास के, जनकल्याण के’’ कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में बलरामपुर-रामानुजगंज जिले में भी विभिन्न जनकल्याणकारी एवं हितग्राहीमूलक योजनाओं की जानकारी एवं लाभ आमजन तक पहुंचाने के लिए विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी के मार्गदर्शन तथा नोडल अधिकारी एवं जिला पंचायत सीईओ नयनतारा सिंह तोमर के नेतृत्व में जिले में विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में 16 जून को विकासखंड बलरामपुर के कृषि विज्ञान केंद्र जाबर में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न शासकीय योजनाओं के पात्र हितग्राहियों को सामग्री वितरित कर लाभान्वित किया जाएगा। साथ ही किसानों और ग्रामीणों को केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी जाएगी, ताकि वे योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठा सकें।
कार्यक्रम स्थल पर पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग, कृषि विभाग, उद्यानिकी विभाग, पशुपालन विभाग, मत्स्य पालन विभाग तथा कृषि विज्ञान केंद्र द्वारा प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी। प्रदर्शनी के माध्यम से किसानों को जैविक खेती, आधुनिक कृषि तकनीकों, नवाचारों और उन्नत कृषि पद्धतियों की जानकारी प्रदान की जाएगी।
जिला प्रशासन ने कार्यक्रम की सभी आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित विभागों को दिए हैं। उप संचालक कृषि ने जिले के किसानों से अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में पहुंचकर योजनाओं की जानकारी प्राप्त करने और उपलब्ध सुविधाओं का लाभ लेने की अपील की है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय