धमतरी : किसान कर रहे तिवरा समेत सभी फसलों की खरीद की मांग
दलहन–तिलहन पंजीयन जारी, तरसींवा सोसाइटी में 825 किसानों ने कराया रजिस्ट्रेशन
धमतरी, 28 फ़रवरी (हि.स.)। क्षेत्र में दलहन–तिलहन की सरकारी खरीदी के लिए पंजीयन प्रक्रिया जारी है। तरसिवा कोर्रा सहकारी समिति से प्राप्त जानकारी के अनुसार एक फरवरी से शुरू हुए पंजीयन अभियान के तहत 28 फरवरी 2026 तक कुल 825 किसानों ने अपना पंजीयन करा लिया है।
समिति के शाखा प्रबंधक केदार राम साहू ने बताया कि दलहन–तिलहन बिक्री के इच्छुक किसान लगातार समिति पहुंच रहे हैं। क्षेत्र के रावा भानपुरी, खपरी, देमार, तेलीनशक्ति, पीपरछेड़ी, कुरमातराई, रीवागहन दरगाह, गुजरा, डोमा, खम्हरिया, रावनगुडा, कुर्रा, मड़ाईभाटा, अमलीडीही, मौखा, भेण्डरा, बागतराई, अर्जुनी, ईर्रा सहित अन्य गांवों के किसानों से समय रहते पंजीयन कराने की अपील की गई है। समिति प्रबंधन के अनुसार किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए कर्मचारी सुबह नौ बजे से शाम छह बजे तक ड्यूटी पर तैनात हैं।
शाखा प्रबंधक केदार साहू के साथ कंप्यूटर ऑपरेटर चंद्र कुमार साहू, प्राधिकृत अधिकारी केशवराम साहू, दैनिक कर्मचारी कुलेश्वर साहू सहित अन्य कर्मचारी व्यवस्था संभाल रहे हैं। किसान प्रतिनिधियों और जनप्रतिनिधियों ने शासन से मांग की है कि दलहन–तिलहन की संपूर्ण उपज की खरीदी सुनिश्चित की जाए, ताकि किसानों को आर्थिक नुकसान न उठाना पड़े। क्षेत्र के किसानों ने चेतावनी दी है कि यदि खरीदी को लेकर स्पष्ट नीति और समयबद्ध निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन की राह भी अपनाई जा सकती है। फिलहाल पंजीयन प्रक्रिया जारी है और किसान बड़ी संख्या में समिति पहुंचकर रजिस्ट्रेशन करा रहे हैं।
तिवरा की खरीद की भी उठी मांग:
क्षेत्र के किसानों ने चना, अलसी, अरहर और सरसों के साथ-साथ तिवरा (लाखड़ी) फसल की भी सरकारी खरीदी शुरू करने की मांग उठाई है। ग्राम कोर्रा के किसान खूबलाल साहू, लोकेश साहू का कहना है कि जल स्तर में गिरावट और भीषण गर्मी को देखते हुए उन्होंने फसल चक्र अपनाकर रबी सीजन में दलहन–तिलहन की खेती बढ़ाई है। किसान वेद्रपकाश साहू, गंभीर साहू का कहना है कि यदि सरकार इन फसलों की पूरी खरीदी नहीं करेगी तो उन्हें बाजार में उचित मूल्य नहीं मिल पाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा