धान खरीद केन्द्र आमदी में किसानों का हंगामा

 


धमतरी, 15 जनवरी (हि.स.)। समर्थन मूल्य पर धान खरीद के दौरान रकबा समर्थन व कम धान खरीद करने की बात को लेकर धान बेचने पहुंचे किसानों की भीड़ ने खरीदी केन्द्र आमदी में जमकर हंगामा किया। अधिकारियों ने किसानों के काटे गए टोकन में निर्धारित मात्रा में धान की खरीद किया, तब जाकर माहौल शांत हुआ। पर्याप्त मात्रा में धान नहीं बिकने से कई किसानों की चिंता बढ़ गई है।

धान खरीद केन्द्र नगर पंचायत आमदी में 15 जनवरी को समर्थन मूल्य में कुछ अधिकारी व कर्मचारी किसानों को रकबा समर्थन कराने के लिए शासन से कम धान खरीद करने का हवाला दिया, तो यहां धान बेचने पहुंचे कई गांवों के किसानों का आक्रोश फूट पड़ा। किसानों की भीड़ अधिकारी-कर्मचारियों को खरीखोटी सुनाते हुए कम धान खरीद संबंधी शासन से मिले लिखित आदेश मांगा, तो अधिकारी नहीं दे पाए, ऐसे में किसानों ने कहा कि जितना टोकन में धान खरीद करने रकबा व क्विंटल निर्धारित है, उसकी खरीद करें। वे किसी तरह रकबा का समर्पण नहीं करेंगे, उनके पास बेचने के लिए पर्याप्त धान है।

किसानों का कहना है कि वे अपनी खून-पसीने की कमाई को राज्य सरकार को समर्पण नहीं करेंगे। क्योंकि उनके पास आय के लिए मात्र एक साधन यही है, कोई दूसरा नहीं है, ऐसे में किसानों का पर्याप्त धान समर्थन मूल्य पर खरीदा जाए। जिला नोडल अधिकारी कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार इस साल अब तक जिले में 68150 किसानों ने 3230 हेक्टेयर का रकबा समर्पण किया है। इसके तहत 16 लाख 90 हजार क्विंटल धान का समर्पण हो चुका है। लाखों क्विंटल धान न बेचकर समर्पण का मतलब यह है कि इन किसानों के पास धान बेचने के लिए पर्याप्त धान उपलब्ध नहीं था। यही वजह है कि किसानों ने अपना रकबा समर्पण किया है।

उपपंजीयक कार्यालय सहकारिता अधिकारी धमतरी प्रदीप ठाकुर ने कहा कि समर्थन मूल्य पर धान बेचने के दौरान धान की कमी के कारण किसान स्वयं रकबा समर्पण कर रहे हैं। अधिकारी-कर्मचारी उन पर दबाव नहीं बना रहे हैं। किसान लगातार रकबा समर्पण कर रहे हैं। सत्यापन दल के अधिकारी-कर्मचारी किसानों के घर पहुंचकर गंभीरता से सत्यापन करें, ताकि किसानों को किसी तरह की दिक्कतें न आए।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा