मानसून की सक्रियता से किसानों के चेहरे खिले, रोपाई-बुआई ने पकड़ी रफ्तार
धमतरी, 22 जुलाई (हि.स.)। जिले में इन दिनों हो रही रिमझिम बारिश से खेती-किसानी में तेजी आ गई है। मौसम अनुकूल होने से धमतरी, कुरूद, नगरी और मगरलोड विकासखंड के खेतों में किसान व्यस्त हो चले हैं। कहीं धान की रोपाई जोरों पर है तो कहीं बुआई और खेतों की तैयारी का काम तेजी से चल रहा है। ग्रामीण अंचल पूरी तरह कृषि कार्यों में जुटा नजर आ रहा है। अच्छी बारिश से किसानों के चेहरे खिले हुए नजर आ रहे हैं।
दक्षिण-पश्चिम मानसून की सक्रियता से क्षेत्र में पिछले तीन दिनों से लगातार हो रही बारिश ने खेती-किसानी को नई गति दे दी है। अनुकूल मौसम के चलते खेतों में जुताई, मताई और धान की रोपाई का कार्य तेजी से चल रहा है। अच्छी बारिश से किसानों के चेहरों पर खुशी लौट आई है और वे बेहतर खरीफ फसल की उम्मीद जता रहे हैं। हालांकि किसानों को अतिवृष्टि की आशंका भी सता रही है। किसानों का कहना है कि वर्तमान समय की बारिश धान की फसल के लिए बेहद लाभदायक है और रोपाई कार्य में काफी सहायक साबित हो रही है।
ग्राम अमाली निवासी प्रवीण चंद साहू ने बताया कि वे पांच एकड़ में धान की रोपाई पूरी कर चुके हैं। उनके अनुसार इस समय हो रही वर्षा फसल के लिए जीवनदायिनी है और यदि मौसम इसी तरह अनुकूल रहा तो इस वर्ष अच्छी पैदावार की संभावना है। वहीं गुलजार कश्यप ने बताया कि वे ढाई एकड़ में धान की रोपाई कर रहे हैं तथा लगातार हो रही बारिश से रोपाई कार्य में काफी सुविधा मिल रही है। उन्होंने यह भी बताया कि सहकारी समिति से आवश्यकता के अनुसार खाद आसानी से उपलब्ध हो रही है।
किसान आनंद राम यादव ने बताया कि वे तीन एकड़ में रोपाई का कार्य पूरा कर चुके हैं, लेकिन खुले में घूम रहे मवेशी फसलों के लिए बड़ी समस्या बने हुए हैं। उन्होंने गांव में कांजी हाउस का संचालन पुनः शुरू किए जाने की मांग करते हुए कहा कि इससे किसानों की फसलों को नुकसान से बचाया जा सकेगा। कुरुद के शेखर चंद्राकर ने कहा कि इसी तरह से अंचल में बारिश होनी चाहिए। लगातार हो रही बारिश से पूरे क्षेत्र में कृषि गतिविधियां तेज हो गई हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा