बस्तर के किसान 11 दिसंबर को करेंगे नेशलन हाइवे जाम
जगदलपुर, 26 नवंबर (हि.स.)। बस्तर जिले में आई बाढ़ और बाढ़ से हुए हजारों हेक्टेयर फसल की बर्बादी को लेकर बस्तर के किसान आगामी 11 दिसंबर को नेशलन हाइवे जाम करने की चेतावनी दी है। यह निर्णय किसानों ने गुरूवार को बस्तर के मुरिया सदन में बैठक करके लिया है। लखेश्वर कश्यप ने कहा कि बस्तर के मुरिया सदन में किसानों की एक बैठक आयोजित की गई, जिसमें यह निर्णय लिया गया है कि मांगे पूरी नहीं होने पर आगामी 11 दिसम्बर को नेशनल हाइवे जाम किया जाएगा।
इंद्रावती नदी बचाव संघर्ष समिति के संभागीय अध्यक्ष लखेश्वर कश्यप का कहना है कि किसानों की फसल बाढ़ से पूरी तरह बर्बाद हो गई है। बर्बादी को लेकर कई बार ज्ञापन और धरना प्रदर्शन किया गया। सरकार से मांग की गई कि प्रभावितों को 65 हजार 100 रुपये मुआवजा राशि प्रति एकड़ सरकार प्रदान करें। साथ ही फसल बीमा योजना के तहत प्रभावित खेतों का सर्वे करके राशि जारी की जाए। लेकिन सरकार इस पर ध्यान नहीं दे रही है। सरकार केवल प्रभावित किसानों को बाढ़ मुआवजा का आश्वासन ही दे रही है, जिससे किसानों में काफी आक्रोश है।
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे