बारिश के इंतजार में टकटकी लगाए बैठे किसान, सूखे खेतों ने बढ़ाई चिंता
धमतरी, 29 जून (हि.स.)। जिले में मानसून की सुस्त चाल ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। जून का अंतिम सप्ताह बीतने को है, लेकिन अब तक अपेक्षित बारिश नहीं होने से खेत सूने पड़े हैं और किसान आसमान की ओर टक-टकी लगाए बादलों का इंतजार कर रहे हैं। सोमवार को सुबह से ही तेज धूप, उमस भरी गर्मी और चिपचिपे मौसम ने लोगों को बेहाल रखा। दिनभर बादलों की आवाजाही और बीच-बीच में चली ठंडी हवाओं ने बारिश की उम्मीद तो जगाई, लेकिन एक बूंद पानी नहीं बरसा। किसानों का कहना है कि सामान्य वर्षों में 15 जून तक मानसून पूरी तरह सक्रिय हो जाता है और धान की बोनी का कार्य शुरू हो जाता है, लेकिन इस बार पर्याप्त वर्षा नहीं होने से कृषि गतिविधियां पूरी तरह प्रभावित हो रही हैं। जिले के अधिकांश किसानों ने खेतों की तैयारी कर ली है, पर पानी के अभाव में बोनी शुरू नहीं हो सकी है। कई खेतों में बड़ी-बड़ी दरारें पड़ गई हैं, जिससे किसानों की चिंता और बढ़ गई है। पिछले वर्ष समय पर हुई बारिश के कारण खेतों की जुताई, मेड़ों की मरम्मत और अन्य कृषि कार्य आसानी से पूरे हो गए थे, जबकि इस बार स्थिति इसके विपरीत है। कहीं-कहीं हल्की और खंड वर्षा जरूर हुई है, लेकिन वह खेती के लिए पर्याप्त नहीं मानी जा रही। लगातार सूखे जैसे हालात के कारण खरीफ फसल की तैयारी प्रभावित हो रही है और यदि जल्द अच्छी बारिश नहीं हुई तो उत्पादन पर भी प्रतिकूल असर पड़ सकता है। भीषण गर्मी और उमस का प्रभाव आम जनजीवन पर भी साफ दिखाई दे रहा है। दिनभर लोग गर्मी से परेशान रहे, वहीं किसानों की चिंता मौसम के साथ बढ़ती जा रही है। अब सभी की निगाहें 30 जून से शुरू होने वाले आषाढ़ मास पर टिकी हैं। किसानों को उम्मीद है कि आषाढ़ के आगमन के साथ मानसून रफ्तार पकड़ेगा और झमाझम बारिश से खेतों में फिर से हरियाली लौटेगी। किसान श्यामलाल नेताम, पंचराम वर्मा, सुरेश नेताम और जीवन साहू का कहना है कि धान की बोनी के लिए सभी तैयारियां पूरी हैं, अब केवल अच्छी बारिश का इंतजार है। उनका मानना है कि यदि अगले कुछ दिनों में पर्याप्त वर्षा नहीं हुई तो बोनी में और विलंब होगा, जिसका सीधा असर धान के उत्पादन और किसानों की आर्थिक स्थिति पर पड़ सकता है। फिलहाल पूरे जिले के किसान उम्मीद और चिंता के बीच आसमान की ओर टकटकी लगाए मानसून का इंतजार कर रहे हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा