कोरबा: 3100 रुपये प्रति क्विंटल समर्थन मूल्य पर धान बेचकर खुश हुए किसान महात्मा राम यादव
कोरबा, 26 नवंबर (हि. स.)। छत्तीसगढ़ सरकार की समर्थन मूल्य पर धान खरीद व्यवस्था किसानों के लिए राहत का माध्यम बन रही है। ऑनलाइन टोकन, उपार्जन केंद्रों में त्वरित खरीदी और आर्थिक सहायता की योजनाओं से किसानों को अपनी उपज बेचने में सहूलियत मिल रही है। इसी व्यवस्था का लाभ कटघोरा विकासखंड के ग्राम कसरेंगा निवासी किसान महात्मा राम यादव को मिला। उन्होंने सहकारी समिति छुरीकला में 40 क्विंटल धान का आसानी से विक्रय किया।
किसान महात्मा राम यादव ने बताया कि उन्होंने मोबाइल ऐप के माध्यम से घर बैठे ऑनलाइन टोकन प्राप्त किया था। निर्धारित तिथि पर उपार्जन केंद्र पहुंचने के बाद बिना लंबी प्रतीक्षा के उनके धान की खरीद पूरी हो गई। समिति में कर्मचारियों का सहयोग और व्यवस्थित प्रक्रिया से उन्हें काफी सुविधा मिली। उन्होंने कहा कि प्रति क्विंटल 3100 रुपये समर्थन मूल्य मिलने से उनकी मेहनत का उचित मूल्य मिल रहा है। वहीं प्रति एकड़ 21 क्विंटल तक धान खरीद का प्रावधान भी किसानों के लिए राहत भरा है।
उन्होंने सरकार की नई किसान हितैषी पहल की सराहना करते हुए बताया कि अब 21 क्विंटल प्रति एकड़ से कम धान बेचने वाले किसानों को भी उनके सत्यापित रकबे के आधार पर 13,839 रुपये प्रति एकड़ की पूरी एकमुश्त आदान सहायता राशि मिलेगी। इससे किसानों को अपनी जरूरत और सुविधा के अनुसार धान बेचने के बाद भी निर्धारित सहायता राशि का पूरा लाभ मिल सकेगा।
महात्मा राम यादव ने कहा कि समर्थन मूल्य पर धान खरीद की सरल प्रक्रिया और समय पर भुगतान की व्यवस्था से किसानों का भरोसा मजबूत हुआ है। 21 क्विंटल से कम धान बेचने पर भी पूरी आदान सहायता देने का निर्णय किसानों के आर्थिक हित में सराहनीय कदम है। इससे खेती-किसानी के कार्यों में आर्थिक संबल मिलेगा और किसान बेहतर तरीके से कृषि कार्य कर सकेंगे।
किसान ने किसानों के हित में ऐसी व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त किया।
हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी