खेत से वापस लाैट रहे एक किसान सूखे पेड़ की चपेट में आने से मौत

 


बीजापुर, 29 जुलाई (हि.स.)। जिले के गंगालूर तहसील अंतर्गत ग्राम जरगोया में आज बुधवार काे खेत में जुताई का काम कर वापस लाैट रहे एक किसान अनिराम पेरमा की सूखे पेड़ की चपेट में आने से मौत हो गई । हादसे के बाद गांव में शोक का माहौल है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

मिली जानकारी के अनुसार मृतक किसान अनिराम पेरमा अपने खेत में जुताई का काम कर वापस लाैट रहा था। इसी दौरान एक सूखा पेड़ अचानक भरभराकर उन पर गिर गया। पेड़ की चपेट में आने से उन्हें गंभीर चोटें आईं और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव का पंचनामा तैयार किया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मर्ग कायम कर हादसे की जांच शुरू कर दी है। जांच में यह एक दुर्घटना प्रतीत हो रही है। वहीं, इस घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे