सूरजपुर : रामानुजनगर के चार ग्राम पंचायतों में उचित मूल्य दुकान का होगा नया आबंटन, 22 जुलाई तक आवेदन
सूरजपुर, 15 जुलाई (हि.स.)। रामानुजनगर विकासखंड के चार ग्राम पंचायतों में शासकीय उचित मूल्य दुकान के नवीन आबंटन के लिए आज बुधवार को इच्छुक संस्थाओं से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। आवेदन 22 जुलाई को शाम 5:30 बजे तक निर्धारित प्रारूप में संबंधित कार्यालय में स्वयं उपस्थित होकर जमा किए जा सकते हैं।
यह आबंटन ग्राम पंचायत रामतीर्थ, सराईपारा, चंदरपुर और बरबसपुर की शासकीय उचित मूल्य दुकानों के लिए किया जाएगा। इस संबंध में सहकारी समितियों, वृहदाकार आदिम जाति बहुउद्देशीय सहकारी समिति, प्राथमिक कृषि साख समिति, वन सुरक्षा समिति, महिला स्वयं सहायता समूह, ग्राम पंचायत, अन्य उपभोक्ता सहकारी समितियों और स्थानीय नगरीय निकायों को सूचना जारी की गई है।
इच्छुक संस्थाओं को निर्धारित प्रारूप में आवेदन, संस्था के प्रस्ताव और अन्य आवश्यक दस्तावेजों के साथ 22 जुलाई की शाम 5:30 बजे तक संबंधित कार्यालय में जमा करना होगा।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित समय-सीमा के बाद प्राप्त होने वाले किसी भी आवेदन पर विचार नहीं किया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय