नए शहरी स्वास्थ्य केंद्र से मजबूत होगी स्वास्थ्य सुरक्षा : रामू रोहरा

 


धमतरी , 11 अप्रैल (हि.स.)। शहर में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए इतवारी बाजार क्षेत्र में शनिवार को नए शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भवन निर्माण के लिए भूमिपूजन कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में नगर निगम धमतरी के महापौर रामू रोहरा ने विधिवत पूजा-अर्चना कर भवन निर्माण कार्य का शुभारंभ किया।

महापौर रामू रोहरा ने कहा कि शहर के तेजी से बढ़ते विस्तार और जनसंख्या को देखते हुए बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना नगर निगम की प्राथमिकता है।यह नया शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र आम नागरिकों को सुलभ, सस्ती और गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सेवाएं प्रदान करेगा। विशेष रूप से गरीब एवं जरूरतमंद वर्ग को इसका सीधा लाभ मिलेगा। आगे कहा कि प्रदेश सरकार और नगर निगम मिलकर स्वास्थ्य के क्षेत्र में लगातार कार्य कर रहे हैं। यह भवन केवल एक संरचना नहीं बल्कि लोगों के स्वास्थ्य सुरक्षा का मजबूत आधार बनेगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्माण कार्य समय-सीमा में और गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण किया जाए ताकि जल्द से जल्द जनता को इसका लाभ मिल सके। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला पंचायत अध्यक्ष अरुण सार्वा ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में जिला पंचायत सभापति मोनिका देवांगन, एमआईसी सदस्य नरेंद्र रोहरा, श्याम लाल नेताम, पिंटू यादव, विभा चंद्राकर, मेघराज ठाकुर, तल्लीनपुरी गोस्वामी, चंद्रभागा साहू, नम्रता पवार, राकेश चंदवानी, अनिता अग्रवाल, ईश्वर सोनकर, अज्जू देशलहरे, गजेंद्र कंवर, महेंद्र खंडेलवाल सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित थे। उपस्थित अतिथियों ने इस पहल को शहर के स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत करने वाला महत्वपूर्ण कदम बताया। इस अवसर पर सीएमएचओ डा यू एल कौशिक, डा रेहाना कदीर प्रभारी चिकित्सा अधिकारी शहरी स्वास्थ्य केंद्र, डीएचओ डा आदित्य सिन्हा, डीपीएम डा प्रिया कंवर सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा