अम्बिकापुर : राज्य स्तरीय आबकारी टीम की छापेमारी, ओवर रेटिंग के खेल में उपनिरीक्षक निलंबित

 






अम्बिकापुर, 23 जून (हि.स.)। छत्तीसगढ़ राज्य स्तरीय आबकारी उड़नदस्ता टीम ने सरगुजा जिले में आज मंगलवार एक बड़ी कार्रवाई करते हुए कई प्रमुख अंग्रेजी शराब दुकानों पर औचक छापा मारा है। इस छापामार कार्रवाई के दौरान लखनपुर, गाढ़ाघाट और अम्बिकापुर के गांधी चौक स्थित प्रीमियम शॉप में तय कीमत से अधिक (ओवर रेट) पर शराब बेचने का गंभीर मामला रंगे हाथों पकड़ा गया।

इस प्रशासनिक लापरवाही और संलिप्तता के आरोप में आज आबकारी उपनिरीक्षक अनिल गुप्ता को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है, जबकि कुछ प्लेसमेंट कर्मचारियों को सेवा से बर्खास्त कर दिया गया है। वहीं आबकारी आयुक्त ने लक्ष्मीकांत गायकवाड (जिला आबकारी अधिकारी) को कारण बताओ नोटिस जारी कर 7 दिनों के भीतर जवाब मांगा है। सहायक जिला आबकारी अधिकारी शीला बड़ा को भी लापरवाही के चलते नोटिस थमाया गया है।नरेंद्र कुमार यादव (विक्रेता) पर अधिक दाम पर शराब बेचने के कारणनियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।

उड़नदस्ता टीम की इस अचानक हुई कार्रवाई से स्थानीय स्तर पर चल रहे बड़े खेल का भंडाफोड़ हुआ है। टीम ने सबसे पहले गाढ़ाघाट स्थित अंग्रेजी शराब दुकान पर दबिश दी, जहाँ नियमों को ताक पर रखकर ग्राहकों से वसूली की जा रही थी। इसके बाद अम्बिकापुर के गांधी चौक स्थित प्रीमियम शॉप पर भी ओवर रेटिंग की शिकायत सच पाई गई। लेकिन यहाँ कार्रवाई के नाम पर महज एक छोटे कर्मचारी को हटाकर औपचारिकता पूरी कर दी गई, जिसने विभाग की साख पर और सवाल उठा दिए हैं।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि सरगुजा जिले की लगभग सभी शराब दुकानों में या तो मिलावटी शराब बेची जा रही है या फिर ओवर रेटिंग का खेल धड़ल्ले से जारी है। यह माना जा रहा है कि जिला आबकारी विभाग के मौन संरक्षण के बिना यह अवैध खेल संभव नहीं है। यही कारण है कि स्थानीय स्तर पर कोई कार्रवाई न होने के चलते अंततः राज्य उड़नदस्ता टीम को खुद कमान संभालनी पड़ी।

हिन्दुस्थान समाचार / पारस नाथ सिंह