हर घर तिरंगा अभियान: नर्सिंग विद्यार्थियों ने निकाली जागरूकता रैली
धमतरी, 14 अगस्त (हि.स.)। स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता का संदेश जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से फ्लोरेंस कॉलेज ऑफ नर्सिंग एवं रिलायंस इंस्टीट्यूट ऑफ नर्सिंग के छात्र-छात्राओं और स्टाफ ने ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत शुक्रवार को जागरूकता रैली निकाली।
रैली के माध्यम से नागरिकों को अपने घरों, दुकानों और संस्थानों पर सम्मानपूर्वक राष्ट्रीय ध्वज फहराने के लिए प्रेरित किया गया। रैली की शुरुआत कॉलेज परिसर से भारत माता की जय और वंदे मातरम के गगनभेदी नारों के साथ हुई। हाथों में तिरंगा और देशभक्ति से ओतप्रोत संदेश लिखी तख्तियां लिए नर्सिंग विद्यार्थियों ने अनुशासन और उत्साह के साथ नगर के प्रमुख मार्गों का भ्रमण किया।
रैली के दौरान विद्यार्थियों ने स्थानीय नागरिकों से संवाद करते हुए ‘हर घर तिरंगा’ अभियान से जुड़ने और राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान की भावना को मजबूत करने की अपील की। विद्यार्थियों के जोश और देशभक्ति से वातावरण राष्ट्रप्रेम से सराबोर नजर आया। इस अवसर पर संस्थान के प्राचार्य ने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। ‘हर घर तिरंगा’ अभियान का हिस्सा बनना संस्थान के लिए गौरव की बात है। रैली के माध्यम से युवाओं को स्वतंत्रता संग्राम के वीरों के त्याग और बलिदान को स्मरण करने के साथ राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का संदेश दिया गया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं में देशप्रेम की भावना को मजबूत करने के साथ नागरिकों को राष्ट्रीय पर्व के प्रति अपनी जिम्मेदारी का एहसास भी कराते हैं। कार्यक्रम में कॉलेज के प्राध्यापक, प्रशासनिक कर्मचारी और बड़ी संख्या में नर्सिंग छात्र-छात्राएं शामिल हुए। सभी ने पूरे उत्साह और देशभक्ति के जज्बे के साथ रैली को सफल बनाया। रैली के माध्यम से संस्थान ने स्वतंत्रता दिवस से पहले नागरिकों के बीच राष्ट्रध्वज के सम्मान और राष्ट्रीय एकता का प्रभावी संदेश पहुंचाया।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा