कक्षा 10 वीं और 12 वीं बोर्ड परीक्षा की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन , पहले चरण में 49790 उत्तर पुस्तिकाएं जांची गई
धमतरी , 25 मार्च (हि.स.)। धमतरी शहर के शिव सिंह वर्मा आदर्श शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में 10 वीं और 12 वीं बोर्ड परीक्षा के उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन का कार्य 16 मार्च से जारी है। 25 मार्च को पहले चरण में कुल 49790 उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन पूरा कर लिया गया। इसके साथ ही दूसरे चरण में प्राप्त उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन कार्य शुरू कर दिया गया है। पहले दिन प्रत्येक शिक्षक को 10-10 उत्तर पुस्तिकाएं मूल्यांकन के लिए दी गई।
कड़ी सुरक्षा और सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में 10 वीं और 12 वीं बोर्ड परीक्षा के उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन का कार्य शिव सिंह वर्मा स्कूल धमतरी में जारी है। पहले चरण में कक्षा 10 वीं के हिंदी, अंग्रेजी, गणित, विज्ञान और सामाजिक विज्ञान विषयों की कुल 36122 उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन किया गया। वहीं 12 वीं के संस्कृत, भूगोल, राजनीति विज्ञान, भौतिक शास्त्र, रसायन शास्त्र, जीव विज्ञान, गणित, लेखा शास्त्र, अर्थशास्त्र, औद्योगिक संगठन, फसल उत्पादन, एनिमल हसबेंड्री विषयों की कुल 13668 उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन किया गया। इस तरह 415 शिक्षकों ने 10 वीं और 12 वीं बोर्ड की पहले चरण की कुल 49790 उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन पूरा किया।
शिव सिंह वर्मा स्कूल में कक्षा 10 वीं और 12 वीं की उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन का दूसरा चरण शुरू हो गया है। इस चरण में 10 वीं के संस्कृत और व्यावसायिक शिक्षा के 10 विषयों की लगभग आठ से नौ हजार उत्तर पुस्तिकाएं मूल्यांकन के लिए आई है। वहीं 12 वीं के अंग्रेजी, इतिहास, व्यवसाय अध्ययन, कृषि विज्ञान के गणित एवं व्यवसायिक शिक्षा के 10 विषयों की लगभग 16000 उत्तर पुस्तिकाएं मूल्यांकन के लिए आई है। कक्षा 12 वीं बोर्ड के हिंदी विषय का पेपर रद्द हो गया है। जिसके चलते इस विषय की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन नहीं किया जाएगा। आगामी 10 अप्रैल को इस विषय की परीक्षा पुनः आयोजित की जाएगी।
मूल्यांकन केंद्र प्रभारी एवं प्राचार्य बी मैथ्यू ने बताया कि पहले चरण में पहुंची 10 वीं और 12 वीं बोर्ड परीक्षा के उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन कार्य पूरा कर लिया गया है। दूसरे चरण के लिए बुधवार से मूल्यांकन कार्य शुरू कर दिया गया है। जिसके पहले दिन 10 वीं की 817 उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन 67 शिक्षकों ने किया। वहीं 12 वीं की 412 उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन 53 शिक्षकों ने किया। इन्होंने बताया कि दूसरे चरण के मूल्यांकन कार्य को आठ दिनों में पूरा करने का प्रयास किया जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा