बोर्ड परीक्षा की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन शुरू, 236 शिक्षकों की लगी डयूटी

 




धमतरी, 17 मार्च (हि.स.)।कड़ी सुरक्षा और 40 सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में 10 वीं और 12 वीं बोर्ड परीक्षा के उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन सोमवार से शहर के शिव सिंह वर्मा आदर्श शासकीय उमा विद्यालय धमतरी में जारी है। पहले चरण में 49 हजार से अधिक उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन किया जाएगा। 17 मार्च को 10 वीं की 4967 एवं 12 वीं की 2164 सहित 7131 उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन किया गया। इस तरह दो दिनों में कुल 8518 कापियां जांची गई हैं।

10 वीं और 12 वीं बोर्ड परीक्षा के लिए शहर के शिव सिंह वर्मा स्कूल को मूल्यांकन केंद्र बनाया गया है। यहां पहले चरण में 12 मार्च को छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा 10 वीं की कुल 36118 एवं 12 वीं की 13668 सहित 49786 उत्तर पुस्तिकाएं जांच के लिए पहुंची हैं। जिसमें सात मार्च तक जिन विषयों की परीक्षा संपन्न हुई हैं उन्हीं विषयों की उत्तर पुस्तिकाएं जांच के लिए आई है। कापियां जांचने के लिए शिक्षकों की ड्यूटी बोर्ड द्वारा लगाई गई है। मूल्यांकन कार्य के लिए जिनकी ड्यूटी लगाई गई है उन शिक्षकों को सुबह 10 बजे केंद्र में प्रवेश लेना अनिवार्य है। एक बार प्रवेश लेने के बाद बाहर जाने की अनुमति नहीं है। इसके साथ ही मूल्यांकन कार्य के दौरान मोबाइल, पर्स और पान - गुटखा खाने पर प्रतिबंध है।

एक शिक्षक को अधिकतम 40 कापियां जांचने की अनुमति है। सोमवार को 10 वीं की 871 उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन 223 शिक्षकों ने किया। वहीं 12 वीं की 516 उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन 143 शिक्षकों ने किया। पहले दिन शिक्षकों को अधिकतम पांच कापियां जांचने के लिए दी गई थी। जानकारी के अनुसार कक्षा 10 वीं की हिंदी, अंग्रेजी, गणित, विज्ञान और सामाजिक विज्ञान की उत्तर पुस्तिकाएं जांच के लिए पहुंची हैं। वहीं कक्षा 12 वीं के भूगोल, भौतिक शास्त्र, जीव विज्ञान, राजनीति विज्ञान, लेखा शास्त्र, रसायन शास्त्र, फसल उत्पादन, संस्कृत, अर्थशास्त्र, पशुपालन और गणित, समाज शास्त्र, औद्योगिक संगठन के मूल तत्व विषयों के उत्तर पुस्तिकाएं जांच के लिए पहुंची हैं। दूसरे चरण में 19 - 20 मार्च को उत्तर पुस्तिकाएं जांच के लिए आएगी।

मूल्यांकन केंद्र प्रभारी प्राचार्य बी मैथ्यू ने बताया कि 10 कमरों और दो हाल में 10 वीं और 12 वीं बोर्ड परीक्षा का मूल्यांकन कार्य जारी है। दूसरे दिन मंगलवार को 10 वीं की 4967 उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन 236 शिक्षकों ने किया। वहीं 12 वीं की 2164 उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन 156 शिक्षकों ने किया। एक शिक्षक को 20 से 25 कापियां मूल्यांकन के लिए दी गई। बुधवार से 30 कापियां दी जाएगी। मूल्यांकन केंद्र में कुल 40 सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जा रही है। इसके साथ ही एक - चार के सुरक्षा कर्मी भी तैनात हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा