अवैध फ्लाई ऐश डंपिंग पर एनटीपीसी पर 15 लाख रुपये की पर्यावरणीय क्षतिपूर्ति
कोरबा, 10 सितंबर (हि. स.)। छत्तीसगढ़ पर्यावरण संरक्षण मंडल, क्षेत्रीय कार्यालय कोरबा ने अवैध फ्लाई ऐश डंपिंग के मामले में मेसर्स एनटीपीसी लिमिटेड, जमनीपाली, कोरबा के विरुद्ध 15 लाख रुपये की पर्यावरणीय क्षतिपूर्ति अधिरोपित की है।
क्षेत्रीय अधिकारी प्रसन्ना सोनकर ने गुरुवार काे बताया कि कार्यालय को दूरभाष के माध्यम से मिली सूचना के आधार पर 9 सितंबर की रात्रि में कार्रवाई की गई। सूचना के अनुसार कुछ वाहन होटल के निकट गुप्ता के पास अवैध रूप से फ्लाई ऐश डंपिंग कर रहे थे। जांच के दौरान पाया गया कि उक्त वाहनों में मेसर्स एनटीपीसी लिमिटेड, जमनीपाली, कोरबा के धनरास राख बांध से फ्लाई ऐश लोड कर संबंधित स्थल पर अवैध रूप से डंपिंग की जा रही थी।
मामले की जानकारी मिलने के बाद क्षेत्रीय कार्यालय की टीम ने मौके पर जांच की। कार्रवाई के दौरान डंप की गई फ्लाई ऐश की मात्रा के आधार पर एनटीपीसी लिमिटेड के विरुद्ध 15 लाख रुपये की पर्यावरणीय क्षतिपूर्ति अधिरोपित की गई।
क्षेत्रीय अधिकारी ने बताया कि छत्तीसगढ़ पर्यावरण संरक्षण मंडल के क्षेत्रीय कार्यालय कोरबा द्वारा फ्लाई ऐश के अवैध परिवहन एवं डंपिंग पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। ऐसे वाहनों को पकड़े जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि फ्लाई ऐश को अवैध रूप से डंप किया जाना पर्यावरणीय नियमों का गंभीर उल्लंघन है। भविष्य में भी इस प्रकार की गतिविधि पाए जाने पर संबंधित जिम्मेदार व्यक्ति या संस्था के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी तथा पर्यावरणीय क्षतिपूर्ति अधिरोपित की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार/ हरीश तिवारी
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी