जमीन विवाद में घर में घुसकर मारपीट, बीच-बचाव करने आए बुजुर्ग की मौत; आरोपित गिरफ्तार

 


जांजगीर-चांपा, 05 अक्टूबर (हि. स.)। जिले के चांपा थाना क्षेत्र के ग्राम उच्चभिट्ठी में जमीन बंटवारे को लेकर चल रहा विवाद हिंसक घटना में बदल गया। विवाद के दौरान एक युवक ने घर में घुसकर गाली-गलौज और मारपीट की। इस दौरान बीच-बचाव करने पहुंचे बुजुर्ग को आरोपित ने जोरदार धक्का दे दिया। जमीन पर गिरने के कुछ देर बाद बुजुर्ग की मौत हो गई। मामले में चांपा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी राजकिरण यादव (23), निवासी उच्चभिट्ठी को गिरफ्तार कर आज साेमवार काे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार, ग्राम उच्चभिट्ठी में करीब 9 डिसमिल जमीन, जिस पर मकान बना हुआ है, उसके बंटवारे को लेकर लोचन प्रसाद यादव, गोपी यादव और भरत यादव के परिवारों के बीच विवाद चल रहा था। इसी विवाद को लेकर आरोपित राजकिरण यादव रमेश यादव के घर पहुंचा और कथित तौर पर गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी देने लगा। आरोपी के हाथ में धारदार ब्लेड भी था।

विवाद के दौरान आरोपित ने रमेश यादव के साथ मारपीट की। शोर सुनकर रमेश के पिता लोचन प्रसाद यादव बीच-बचाव करने पहुंचे। इसी दौरान आरोपित ने उनके सीने पर जोरदार धक्का दे दिया। धक्का लगने से लोचन प्रसाद यादव जमीन पर गिर पड़े और कुछ देर बाद उनकी मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलने के बाद चांपा पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल की कार्रवाई, पंचनामा और पोस्टमार्टम कराया तथा शॉर्ट पोस्टमार्टम रिपोर्ट प्राप्त की। मर्ग जांच के दौरान रमेश यादव और प्रत्यक्षदर्शी गवाहों के बयान दर्ज किए गए। जांच में प्रथम दृष्टया आरोपित के खिलाफ बीएनएस की धारा 105, 296, 351(3) और 333 के तहत अपराध पाए जाने पर मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।

पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. यूलैंडन यार्क के मार्गदर्शन में चांपा पुलिस ने आरोपित की तलाश शुरू की। विवेचना के दौरान पुलिस ने राजकिरण यादव को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपित ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। आरोपित के मेमोरण्डम के आधार पर घटना में इस्तेमाल स्टील का ब्लेड बरामद कर जब्त किया गया।

पुलिस ने आरोपित को विधिवत गिरफ्तार करने के बाद न्यायिक रिमांड पर भेज दिया। कार्रवाई में चांपा थाना प्रभारी निरीक्षक कमलेश कुमार सेन्डे और थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

हिन्दुस्थान समाचार/ लालिमा शुक्ला पुरोहित

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT