धमतरी : प्रबुद्ध जन सम्मान समारोह में वरिष्ठजनों का हुआ भिनंदन, विकसित भारत के संकल्प पर जोर
धमतरी, 16 जून (हि.स.)। भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सेवा, सुशासन एवं जनकल्याण के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में नगर पंचायत आमदी में मंगलवार काे विशेष जनसंपर्क एवं प्रबुद्ध जन सम्मान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले वरिष्ठ एवं प्रबुद्ध नागरिकों का सम्मान कर उनके अनुभवों और मार्गदर्शन को समाज के लिए प्रेरणास्रोत बताया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि धमतरी नगर निगम के महापौर रामू रोहरा ने कहा कि विशेष जनसंपर्क अभियान केवल सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने का माध्यम नहीं है, बल्कि समाज के वरिष्ठजनों, प्रबुद्ध नागरिकों एवं अनुभवी व्यक्तियों के आशीर्वाद और सुझाव प्राप्त करने का भी अवसर है। उन्होंने कहा कि वरिष्ठजनों का अनुभव समाज की अमूल्य धरोहर है, जिससे नई पीढ़ी को दिशा और प्रेरणा मिलती है। केंद्र सरकार सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास के मंत्र के साथ विकसित भारत के निर्माण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। इस अवसर पर सरस्वती शिशु मंदिर के लिए भूमि दान करने वाले शिवप्रसाद साहू, गायत्री परिवार से जुड़े भूनु साहू, रामायणी हेमनु कुंभकार, बिसु राम पटेल, मंसा राम साहू भगत, पुजारी पुरुसोत्तम साहू, सेवानिवृत्त शिक्षक कैलू पाड़े, सेवानिवृत्त पुलिसकर्मी नोगेंद्र चक्रधारी तथा धार्मिक जस झांकी के आयोजक सहित अनेक प्रबुद्धजनों का श्रीफल एवं गमछा भेंट कर सम्मान किया गया। कार्यक्रम में तेजराम साहू, ज्योति साहू, जितेंद्र कुमार पटेल, कोमल देवांगन, कोमल यादव, उमानंद कुंभकार सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ नागरिक, भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ नागरिकों एवं प्रबुद्धजनों ने समाज और क्षेत्र के विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर अपने विचार साझा किए।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा