रायपुर में पचपेड़ी नाका और एमएमआई अंडरब्रिज से हटा अतिक्रमण, बसों के लिए स्टॉपेज बे खाली
रायपुर, 17 अक्टूबर (हि. स.)। शहर में यातायात पुलिस कमिश्नरेट और नगर निगम की संयुक्त टीम ने आज शनिवार को पचपेड़ी नाका ओवरब्रिज तथा एमएमआई अंडरब्रिज के नीचे अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की।
अभियान के दौरान बसों के यात्रियों के चढ़ने-उतरने के लिए निर्धारित स्थलों पर किए गए अवैध कब्जों और ठेलों को हटाया गया। इससे बसों के व्यवस्थित ठहराव का रास्ता साफ हुआ है।
यह कार्रवाई डीसीपी ट्रैफिक डॉ. अर्चना झा की अध्यक्षता में 14 अक्टूबर 2026 को आयोजित समन्वय बैठक में लिए गए निर्णय के तहत की गई। बैठक में बस संचालकों, क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय (आरटीओ), नगर निगम और यातायात पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने शहर की यातायात व्यवस्था से जुड़ी समस्याओं पर चर्चा की थी।
बैठक में बस संचालकों ने बताया था कि पचपेड़ी नाका और एमएमआई ब्रिज के नीचे यात्रियों के पिक एंड ड्रॉप के लिए निर्धारित स्थानों पर फल-ठेला व्यवसायियों ने कब्जा कर लिया है। इसके कारण बसों को मुख्य सड़क पर रोकना पड़ता है, जिससे यातायात बाधित होता है और जाम के साथ दुर्घटनाओं की आशंका भी बढ़ जाती है।
समस्या को गंभीरता से लेते हुए दोनों स्थानों को अतिक्रमण मुक्त कराने और बसों के लिए निर्धारित स्टॉपेज बे खाली कराने का निर्णय लिया गया था। इसी के तहत यातायात पुलिस और नगर निगम के उड़नदस्ते ने संयुक्त कार्रवाई कर अवैध कब्जे हटाए।
यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया है कि प्रमुख चौराहों, ओवरब्रिजों के नीचे और बस स्टॉपेज जैसे संवेदनशील स्थानों पर अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। नगर निगम के सहयोग से अभियान आगे भी जारी रहेगा।
पुलिस ने फल-सब्जी विक्रेताओं और फुटकर कारोबारियों से निर्धारित वेंडिंग जोन में ही व्यवसाय करने तथा सार्वजनिक मार्गों पर अतिक्रमण नहीं करने की अपील की है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गायत्री प्रसाद धीवर