जांजगीर चांपा: जिले की ग्राम पंचायतों में 7 अक्टूबर को रोजगार व आवास दिवस और चावल उत्सव का होगा आयोजन

 

जांजगीर-चांपा 06 अक्टूबर (हि. स.)। कलेक्टर जन्मेजय महोबे के निर्देशन एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी विनय कुमार पोयाम के मार्गदर्शन में 7 अक्टूबर को जिले की समस्त ग्राम पंचायतों में विकसित भारत जी राम जी योजना के तहत रोजगार दिवस, आवास दिवस एवं चावल उत्सव का आयोजन किया जाएगा।

इस दौरान शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी ग्रामीणों तक पहुंचाने के साथ योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी। ग्राम पंचायतों में लगाए गए क्यूआर कोड को ग्रामवासियों से स्कैन कराने के लिए उन्हें प्रोत्साहित किया जाएगा तथा क्यूआर कोड के माध्यम से उपलब्ध जानकारी के संबंध में आमजन को जागरूक किया जाएगा।

विकसित भारत जी राम जी योजना के अंतर्गत विकसित भारत ग्राम पंचायत प्लान के संबंध में ग्रामवासियों एवं जनप्रतिनिधियों के साथ चर्चा की जाएगी। प्लान को अधिक प्रभावी एवं विस्तृत बनाने के लिए आवश्यक कार्यवाही की जाएगी। प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत स्वीकृत आवासों के निर्माण कार्यों को शीघ्र पूर्ण कराने के लिए हितग्राहियों को प्रोत्साहित किया जाएगा।

जिले की प्रत्येक ग्राम पंचायत में 7 अक्टूबर को रोजगार दिवस, आवास दिवस एवं चावल उत्सव का प्रभावी आयोजन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि ग्रामीणों को शासन की योजनाओं का अधिकतम लाभ मिले तथा ग्राम पंचायत स्तर पर विकास एवं रोजगार से जुड़े कार्यों को गति प्रदान की जा सके।

हिन्दुस्थान समाचार / लालिमा शुक्ला पुरोहित

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT