कारगिल विजय दिवस पर शहीदों को दी भावभीनी श्रद्धांजलि, कारगिल उद्यान में हुआ माल्यार्पण

 


धमतरी, 26 जुलाई (हि.स.)। कारगिल विजय दिवस के अवसर पर महिमा सागर वार्ड स्थित कारगिल उद्यान में शहीदों की स्मृति में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान कारगिल विजय के प्रतीक स्थल पर माल्यार्पण कर वर्ष 1999 के कारगिल युद्ध में मातृभूमि की रक्षा करते हुए सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर सैनिकों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

उपस्थित जनों ने शहीदों के अदम्य साहस, अद्वितीय वीरता और राष्ट्र के प्रति उनके समर्पण को नमन करते हुए कहा कि भारतीय सेना के शौर्य और पराक्रम के कारण ही देश ने कारगिल युद्ध में ऐतिहासिक विजय प्राप्त की। कार्यक्रम में नेता प्रतिपक्ष दीपक सोनकर और पूर्व पार्षद राजेश पांडेय ने कहा कि कारगिल विजय दिवस केवल एक तिथि नहीं, बल्कि राष्ट्रभक्ति, साहस और बलिदान की अमर गाथा है। उन्होंने कहा कि भारतीय जवानों ने विषम परिस्थितियों में भी अद्वितीय वीरता का परिचय देते हुए दुश्मनों को परास्त किया और देश की एक-एक इंच भूमि की रक्षा कर भारत का गौरव बढ़ाया। उन्होंने युवाओं से शहीदों के आदर्शों से प्रेरणा लेकर राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर शहीदों को श्रद्धासुमन अर्पित किए और उनके अमर बलिदान को स्मरण किया। इस अवसर पर कमलेश सोनकर, अमन गोस्वामी, कुमुद तिवारी, संजय साहू, चंद्रशेखर कवर, शिव शर्मा, बलि साहू, चंद्रहास साहू सहित बड़ी संख्या में वार्डवासी उपस्थित रहे। पूरे आयोजन का वातावरण देशभक्ति के रंग में सराबोर रहा और भारत माता की जय तथा वंदे मातरम् के उद्घोष से कारगिल उद्यान गूंज उठा।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा