कोरबा में आपात स्वास्थ्य सेवाओं को मिली मजबूती, पांच नए संजीवनी एक्सप्रेस वाहन रवाना
कोरबा, 01 अप्रैल (हि. स.)। जिले में स्वास्थ्यगत आपात स्थितियों से निपटने के लिए जीवनरक्षक सुविधाओं का विस्तार किया गया है। कलेक्ट्रेट परिसर से आज बुधवार को 5 नए संजीवनी एक्सप्रेस वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। इस अवसर पर विधायक कटघोरा प्रेमचंद पटेल, महापौर नगर निगम संजू देवी राजपूत और कलेक्टर कुणाल दुदावत मौजूद रहे। सभी जनप्रतिनिधियों ने जिलेवासियों को इस महत्वपूर्ण सुविधा के लिए बधाई दी और इसे स्वास्थ्य सेवाओं के लिए एक बड़ा कदम बताया।
जनप्रतिनिधियों ने कहा कि नए संजीवनी एक्सप्रेस वाहनों के जुड़ने से जिले की स्वास्थ्य सेवाओं को और मजबूती मिलेगी। विशेष रूप से ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को त्वरित चिकित्सा सहायता उपलब्ध हो सकेगी। कलेक्टर कुणाल दुदावत ने कहा कि इस पहल से आपातकालीन परिस्थितियों में समय पर उपचार सुनिश्चित होगा और गंभीर मरीजों की जान बचाने की संभावनाएं भी बढ़ेंगी।
उन्होंने बताया कि संजीवनी एक्सप्रेस के माध्यम से कोरबा जिला अब आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं में नई दिशा की ओर बढ़ रहा है, जहां हर नागरिक तक बेहतर और सुलभ चिकित्सा सुविधा पहुंचाना लक्ष्य है।
गौरतलब है कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के मार्गदर्शन में स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग द्वारा जिले को कुल 13 संजीवनी एक्सप्रेस वाहन आबंटित किए गए हैं। इनमें 3 वाहन जिला अस्पताल, 9 सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और 1 वाहन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के लिए निर्धारित किए गए हैं। आज जिन 5 वाहनों को रवाना किया गया है, वे जल्द ही आमजन को सेवा देना शुरू करेंगे, जबकि शेष वाहन भी शीघ्र ही जिले में पहुंच जाएंगे।
इन संजीवनी एक्सप्रेस वाहनों में आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध हैं, जिनमें वेंटिलेटर, मॉनीटर, ऑक्सीजन सपोर्ट सहित सभी आवश्यक आपातकालीन उपकरण शामिल हैं। खास बात यह है कि नए वाहनों में से 2 एडवांस लाइफ सपोर्ट से युक्त हैं, जो गंभीर मरीजों के लिए अत्यंत उपयोगी साबित होंगे। इनमें से एक वाहन जिला अस्पताल कोरबा और दूसरा कटघोरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में तैनात किया जाएगा।
अन्य 108 संजीवनी एक्सप्रेस वाहनों को जिले के विभिन्न सामुदायिक और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में आवश्यकता अनुसार तैनात किया जाएगा, जिससे दूरस्थ क्षेत्रों में भी स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित हो सके।
इस दौरान जिला पंचायत के सीईओ, सीएमएचओ सहित अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी भी उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार/हरीश तिवारी
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी