हाथियों ने दो मकानों को किया क्षतिग्रस्त, लोगों ने भागकर बचाई जान
जशपुर, 25 जुलाई (हि.स.)। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले के कंसाबेल वन परिक्षेत्र में 18 हाथियों का दल विचरण करते हुए साजापानी गांव के रिहायशी इलाके में शुक्रवार रात जमकर उत्पात मचाया। हाथियाें ने दाे मकानाें काे क्षतिग्रस्त कर दिया और घर में रखा अनाज खा गए। हालांकि इस दाैरान किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है।
बताया जा रहा है कि कटहल की खुशबू से आकर्षित होकर हाथी गांव में घुस आए। इस दौरान उसने दो मकानों को क्षतिग्रस्त कर दिया और घरों में रखा अनाज भी खा गए। हालांकि, समय रहते ग्रामीण घरों से बाहर निकल गए, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई।
जानकारी के अनुसार, रात के समय हाथियों के दल ने अचानक गांव में पहुंचकर हमला कर दिया। हाथी ने घरों की दीवारों और सामान को नुकसान पहुंचाया। इसके बाद वह घरों में रखे अनाज को खाने लगे। हाथी को सामने देखकर ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। लोगों ने किसी तरह सुरक्षित स्थानों की ओर भागकर अपनी जान बचाई। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है और ग्रामीण रात के समय सतर्कता बरत रहे हैं।
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। विभाग ने हाथी के मूवमेंट पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। साथ ही आसपास के गांवों में मुनादी कराकर लोगों को सतर्क रहने, रात के समय घरों से बाहर नहीं निकलने और हाथियों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने की अपील की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / चन्द्र नारायण शुक्ल