उदयपुर के जंगल में मिली हथिनी की सड़ी हुई लाश, करंट से मौत की आशंका

 


अंबिकापुर, 10 नवंबर (हि.स.)। सरगुजा जिले के उदयपुर वन परिक्षेत्र में हाथियों की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। सुखरीभंडार गांव से लगे कुसुवामुड़ा जंगल में आज मंगलवार सुबह एक हथिनी का शव मिला है। उसकी उम्र करीब 8 से 10 वर्ष बताई जा रही है। शुरुआती जांच में करंट प्रवाहित तार की चपेट में आने से हथिनी की मौत होने की आशंका जताई जा रही है। खास बात यह है कि करीब एक महीने पहले इसी इलाके में करंट लगाकर एक हाथी को मारने का मामला सामने आया था। उस घटना में पुलिस ने दो आरोपितों को गिरफ्तार किया था।

मंगलवार सुबह वन विभाग को सूचना मिली कि सुखरीभंडार बस्ती के पास जंगल में एक हाथी मृत पड़ा है। सूचना मिलते ही डीएफओ लोकनाथ पटेल, एसडीओ फॉरेस्ट सपना मुखर्जी और उदयपुर रेंजर फेंकू प्रसाद चौबे वन अमले के साथ मौके पर पहुंचे। जांच के दौरान धान के खेत से करीब 200 मीटर दूर जंगल में हथिनी का शव मिला।

शव काफी सड़ चुका था और उससे तेज दुर्गंध आ रही थी। जंगली जानवरों ने भी शव को नुकसान पहुंचाया था। हालत देखकर आशंका जताई जा रही है कि हथिनी की मौत कई दिन पहले हुई होगी। मौके पर ही पशु चिकित्सकों की टीम ने शव का पोस्टमार्टम किया।

सुखरीभंडार गांव से करीब एक किलोमीटर दूर जंगल के आसपास ग्रामीणों के खेत हैं। फसलों को जानवरों से बचाने के लिए खेतों के चारों ओर लोहे की जाली लगाई गई थी। इसके अलावा खेतों से लगे जंगल में भी कई जगह जीआई तार का घेरा बनाया गया था।

घटनास्थल से करीब आधा किलोमीटर की दूरी पर 11 केवी की बिजली लाइन गुजरती है। आशंका है कि इसी बिजली लाइन से जीआई तार में करंट प्रवाहित किया गया होगा। हालांकि, यह अभी स्पष्ट नहीं है कि तार हाथियों को मारने के लिए बिछाए गए थे या जंगली सूअर और दूसरे वन्यजीवों के शिकार के लिए। वन विभाग ने मौके से तार जब्त कर लिए हैं। मामले में फिलहाल किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।

उदयपुर वन परिक्षेत्र में हाथियों की मौजूदगी के कारण फसलों को नुकसान और ग्रामीणों की जान को खतरा बना रहता है। इसे देखते हुए वन विभाग ने अत्याधुनिक ड्रोन कैमरों से हाथियों की निगरानी करने का दावा किया था। इसके बावजूद हथिनी की मौत की जानकारी कई दिनों तक विभाग को नहीं मिल सकी।

वन क्षेत्र में खरीफ सीजन की शुरुआत में हाथियों के दो अलग-अलग दल पहुंचे थे। इनमें दो दर्जन से अधिक हाथी लंबे समय तक इलाके में रहे। उनके लौटने के बाद 17 हाथियों का एक और दल यहां पहुंचा। इसके अलावा एक अकेला हाथी भी क्षेत्र में घूम रहा है।

स्थानीय स्तर पर चर्चा है कि पिछले कुछ दिनों से हाथियों के दल से दो हाथियों के गायब होने की जानकारी मिल रही थी। इसे लेकर सुखरीभंडार गांव में बैठक भी हुई थी। बैठक में हाथी की मौत की घटना की जानकारी सामने नहीं आने को लेकर चर्चा होने की बात कही जा रही है। मंगलवार सुबह शव मिलने के बाद मामला वन विभाग तक पहुंचा।

क्षेत्र में एक हाथी के अब भी लापता होने की बात कही जा रही है। हालांकि, लापता हाथी और मृत हथिनी के बीच क्या संबंध है, यह जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। वन विभाग की जांच अब इस बात पर केंद्रित है कि तारों में करंट कैसे पहुंचा और इसके पीछे किसकी भूमिका है।

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय