धमतरी जिले के 25 सरकारी कार्यालयों पर 77 लाख का बिजली बिल बकाया, काटे कनेक्शन
धमतरी, 07 सितंबर (हि.स.)। सरकारी विभागों में बिजली बिल भुगतान को लेकर बरती जा रही लापरवाही अब आम लोगों के लिए परेशानी का कारण बनने लगी है। जिले के 25 शासकीय कार्यालयों पर 77 लाख 60 हजार 628 रुपये से अधिक का बिजली बिल बकाया होने के कारण राज्य स्तर से सोमवार को इनके बिजली कनेक्शन ऑनलाइन काट दिए गए। अचानक बिजली गुल होने से संबंधित कार्यालयों में कामकाज प्रभावित हो गया।
सात सितंबर को तेज धूप और भारी उमस के बीच बिजली बंद होने से एसी-कूलर वाले कमरों में काम करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों को भी परेशानी उठानी पड़ी और कई लोग कार्यालयों से बाहर निकल आए। कार्यालयीन समय से शाम तक बिजली आपूर्ति बाधित रहने से कई जगह जरूरी कामकाज प्रभावित हुए और अधिकारी-कर्मचारी बिना काम पूरा किए लौट गए।
विद्युत विभाग धमतरी शहर के सहायक यंत्री भारत लाल सिन्हा ने बताया कि कनेक्शन काटने की कार्रवाई राज्य स्तर से ऑनलाइन की गई है। जिले में शासकीय विभागों के 25 कनेक्शन काटे गए हैं, जिन पर कुल करीब 77 लाख 60 हजार 628 रुपये की बकाया राशि है। अलग-अलग कार्यालयों में बकाया अवधि भी अलग है। कुछ कार्यालयों का बिल सात-आठ महीने से लंबित है, जबकि कुछ का एक साल और कुछ कनेक्शनों का भुगतान करीब चार साल से नहीं किया गया है।
कार्रवाई की जद में रजिस्ट्री कार्यालय, जनपद पंचायत, महिला एवं बाल विकास विभाग, लोक निर्माण विभाग, एफसीआई, डीएफओ कार्यालय, पीएचई और ट्रेजरी कार्यालय सहित कई शासकीय संस्थान आए। नगर निगम के कुछ कनेक्शन भी काटे गए हैं। बिजली आपूर्ति बंद होने से इन कार्यालयों में नियमित कामकाज प्रभावित हुआ।
धमतरी जिले के 56 शासकीय विभागों के 5861 बिजली कनेक्शनों पर एक अगस्त से प्रीपेड व्यवस्था लागू की गई है। इसके तहत विभागों को बिजली उपयोग से पहले राशि जमा करनी है। जुलाई से सितंबर तिमाही के लिए जिले में 12.71 करोड़ रुपये का अग्रिम रिचार्ज निर्धारित किया गया है। वहीं 30 जून तक के 47.42 करोड़ रुपये के पुराने बकाया को फ्रीज कर चार तिमाही किश्तों में वसूलने की व्यवस्था की गई है। ऐसे में पुराने बकाया का भुगतान नहीं करने वाले कनेक्शनों पर कार्रवाई शुरू हो गई है। बिजली कंपनी के अनुसार बकाया राशि जमा करने के बाद नियमानुसार कनेक्शन बहाल किया जा सकेगा। विभागों को लंबित राशि का भुगतान करने के निर्देश दिए गए हैं।
सोमवार की कार्रवाई में आमा तालाब रोड स्थित इंडोर स्टेडियम का बिजली कनेक्शन भी काट दिया गया। इसका सीधा असर शाम के अभ्यास पर पड़ा। पर्याप्त रोशनी नहीं होने के कारण खिलाड़ियों को अभ्यास करने में परेशानी हुई। नियमित रूप से शाम के समय विभिन्न खेलों का अभ्यास करने वाले खिलाड़ियों को अब बिजली कनेक्शन बहाल होने का इंतजार है।
बिजली बिल बकाया होने की वजह से रजिस्ट्री कार्यालय का कनेक्शन भी काट दिया गया। कार्यालय पर एक लाख रुपये से अधिक का बिजली बिल बकाया बताया गया है। सोमवार सुबह कार्यालयीन समय में रजिस्ट्री शुरू होने के दौरान अचानक बिजली गुल हो गई। शुरुआत में अधिकारी-कर्मचारी और रजिस्ट्री कराने पहुंचे लोग बिजली आने का इंतजार करते रहे। बाद में कनेक्शन बकाया बिल के कारण काटे जाने की जानकारी मिलने पर लोगों में नाराजगी देखी गई। बिजली नहीं होने के कारण सोमवार को होने वाली करीब 24 रजिस्ट्री प्रभावित हुईं। जमीन की रजिस्ट्री कराने पहुंचे लोगों को बैरंग लौटना पड़ा, जिससे विभागीय लापरवाही को लेकर उनमें काफी नाराजगी रही।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा