अंबिकापुर : बिजली बिल में बड़ी राहत, समाधान योजना से 21 हजार की छूट
अंबिकापुर, 13 अप्रैल (हि.स.)। ग्रामीण अंचलों में बढ़ते बिजली बिलों से जूझ रहे उपभोक्ताओं के लिए मुख्यमंत्री बिजली बिल भुगतान समाधान योजना बड़ी राहत बनकर सामने आई है। सरगुजा जिले के लुंड्रा विकासखंड के ग्राम गड़बहिरा निवासी रामदास को इस योजना के तहत भारी-भरकम बकाया बिल से मुक्ति मिली है। राज्य सरकार की अंत्योदय की सोच अब जमीनी स्तर पर असर दिखा रही है, जिससे हजारों उपभोक्ताओं को राहत मिल रही है।
रामदास के अनुसार उनका बिजली बिल बढ़कर 30,010 रुपये तक पहुंच गया था, जिसे एकमुश्त जमा करना उनके लिए संभव नहीं था। आर्थिक तंगी के बीच यह बकाया उनके लिए बड़ी चिंता का कारण बन गया था। इसी दौरान उन्हें मुख्यमंत्री बिजली बिल भुगतान समाधान योजना की जानकारी मिली और उन्होंने तुरंत बिजली विभाग से संपर्क किया।
योजना के तहत जब उनके बिल का परीक्षण किया गया, तो शासन की ओर से उन्हें 21,260 रुपये की छूट प्रदान की गई। इसके बाद उनका कुल बकाया घटकर मात्र 8,750 रुपये रह गया। इस तरह उन्हें लगभग 75 प्रतिशत तक की राहत मिली। राहत मिलने के बाद रामदास ने बिना देरी किए शेष राशि का भुगतान कर दिया और लंबे समय से चले आ रहे बिजली बिल के बोझ से मुक्त हो गए।
रामदास ने बताया कि उन्होंने कभी नहीं सोचा था कि उन्हें इतनी बड़ी छूट मिल सकेगी। उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार जताते हुए कहा कि इस योजना के जरिए पुराने बकाया पर ब्याज और सरचार्ज में छूट मिलने से आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग को बड़ी मदद मिल रही है।
राज्य सरकार की इस पहल से प्रदेशभर में हजारों बिजली उपभोक्ता लाभान्वित हो रहे हैं। इससे न केवल लोगों का आर्थिक दबाव कम हो रहा है, बल्कि वे समय पर बिजली बिल का भुगतान करने के लिए भी प्रेरित हो रहे हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पारस नाथ सिंह