जिला अधिवक्ता संघ धमतरी का चुनाव: अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और क्रीड़ा सचिव पद पर सीधा मुकाबला

 


धमतरी, 5 दिसंबर (हि.स.)। जिला अधिवक्ता संघ धमतरी के दो वर्षीय प्रतिष्ठित चुनाव के लिए नाम वापसी की अंतिम तिथि 5 दिसंबर को समाप्त हो गई। नाम वापसी के बाद प्रत्याशियों की स्थिति स्पष्ट हो गई है। ग्रंथपाल प्रभारी पद के लिए दिव्याशु साहू ने अपना नाम वापस ले लिया, वहीं कार्यकारिणी सदस्य पद के लिए धनंजय तिवारी और सविता अग्रवाल ने नाम वापस लिया।

नाम वापसी के बाद अध्यक्ष पद के लिए दानीराम साहू और नीरजधर तिवारी के बीच सीधा मुकाबला होगा। उपाध्यक्ष पद पर अजय कुम्भकार और सचिन के बीच प्रत्यक्ष प्रतिस्पर्धा रहेगी। क्रीड़ा सचिव पद के लिए पीयूष देवांगन और परमानंद अग्रवाल के मध्य सीधी टक्कर होगी।

कोषाध्यक्ष पद के लिए संजय शुक्ला, कामतानाथ सिन्हा और नरोत्तम सिन्हा के बीच त्रिकोणीय संघर्ष रहेगा। इसी प्रकार सह–सचिव पद के लिए ताल्लिनपुरी गोस्वामी, फलेश साहू और योगेश कुमार गोलछा के बीच त्रिकोणीय मुकाबला होगा। अब तक के निर्वाचन में कई पदों पर निर्विरोध चयन हुआ है। महिला उपाध्यक्ष पद पर जानकी तिवारी, सचिव पद पर भिखमलाल सिन्हा, ग्रंथपाल पद पर चुनकेश्वर प्रसाद नागेंद्र तथा कार्यकारिणी सदस्य पद पर कोमल प्रसाद थवाईत, विनोद राजपूत, जयप्रकाश झा, कपिलनारायण चालकी, त्रिभुवन प्रसाद ध्रुव, दिव्यांशु साहू और दीक्षा दीवान निर्विरोध चुने गए हैं।

निर्वाचन हेतु मतदान 15 दिसंबर 2025 को सुबह 10 बजे से दोपहर तीन बजे तक होगा। मतगणना शाम 4 बजे से प्रारंभ होगी और परिणाम घोषणा के उपरांत चुनाव अधिकारी द्वारा निर्वाचित सदस्यों को प्रमाणपत्र प्रदान किए जाएंगे। इस अवसर पर चुनाव अधिकारी दल अजीत साहू, मोहित देवांगन, अशोक बुधवानी, यशवंत कौशिक, गोपी कुर्रे और अजय सोनवानी सहित अन्य माैजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा