‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत कोरबा में वृक्षारोपण, निहारिका टॉकीज से घंटाघर मार्ग हुआ हरित

 


कोरबा, 29 जुलाई (हि. स.)। पर्यावरण संरक्षण और हरित कोरबा के संकल्प को साकार करने के उद्देश्य से नगर पालिक निगम कोरबा एवं जिला प्रशासन द्वारा संचालित ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत बुधवार को निहारिका टॉकीज से घंटाघर मुख्य मार्ग पर वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान निगम आयुक्त आशुतोष पाण्डेय सहित निगम अधिकारियों, कर्मचारियों और महाराणा प्रताप नगर के रहवासियों ने पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

कलेक्टर कुणाल दुदावत के मार्गदर्शन एवं नगर निगम आयुक्त आशुतोष पाण्डेय के दिशा-निर्देशन में वन विभाग के सहयोग से जिले में लगातार वृक्षारोपण अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 18 जुलाई से शुरू हुए ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के अंतर्गत शहर के विभिन्न क्षेत्रों में पौधरोपण किया जा रहा है।

बुधवार को आयोजित कार्यक्रम में आयुक्त आशुतोष पाण्डेय ने स्वयं पौधा लगाकर अभियान में सहभागिता की। उन्होंने कहा कि पेड़-पौधे पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के साथ ही आने वाली पीढ़ियों के लिए जीवन का आधार हैं। अधिक से अधिक पौधरोपण कर उनकी देखभाल करना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है।

कार्यक्रम में नगर निगम के अपर आयुक्त विनय मिश्रा, उपायुक्त नीरज कौशिक, अधीक्षण अभियंता भूषण उरांव, उद्यान अधीक्षक आनंद राठौर सहित निगम के अधिकारी-कर्मचारी एवं महाराणा प्रताप नगर के नागरिकों ने पौधरोपण किया।

इस अवसर पर नागरिकों ने भी हरित कोरबा बनाने के अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने का संकल्प लिया। निगम प्रशासन ने शहरवासियों से अपील की है कि वे पर्यावरण संरक्षण के लिए पौधे लगाएं और उनकी नियमित देखभाल करें, ताकि कोरबा को स्वच्छ, सुंदर और हरा-भरा बनाया जा सके।

हिन्दुस्थान समाचार/हरीश तिवारी

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी