12 साल बाद रवि पुष्य के साथ बने आठ शुभ संयोग, बाजार में उमड़ी ग्राहकों की भीड़

 


सराफा, कपड़ा, मोबाइल और सजावटी सामान की दुकानों में रही रौनक, 100 करोड़ से अधिक के कारोबार का अनुमान

धमतरी, 01 नवंबर (हि.स.)। दीपावली की तैयारियों के बीच रवि पुष्य नक्षत्र और आठ शुभ संयोगों के दुर्लभ अवसर ने शहर के बाजार में रौनक बढ़ा दी। 12 साल बाद बने इस विशेष संयोग में रविवार सुबह से ही खरीदारी का सिलसिला शुरू हो गया। सराफा, कपड़ा, मोबाइल, आर्टिफिशियल ज्वेलरी, पूजा सामग्री और घरेलू सजावट की दुकानों में ग्राहकों की भीड़ उमड़ी। दीपावली के दौरान होने वाली भीड़ और यातायात की परेशानी से बचने के लिए भी बड़ी संख्या में लोगों ने आज पुष्य नक्षत्र पर ही खरीदारी की।

बाजार में 100 करोड़ रुपये से अधिक के कारोबार का अनुमान लगाया जा रहा है। सबसे ज्यादा चहल-पहल सराफा बाजार में रही। सोना-चांदी खरीदने की परंपरा के चलते लोगों ने आभूषणों और सिक्कों की खरीदारी की। पिछले एक सप्ताह में सोने की कीमत में करीब 7200 रुपये प्रति 10 ग्राम की गिरावट आने से ग्राहकों को राहत मिली। सोना लगभग एक लाख 37 हजार 800 रुपये प्रति 10 ग्राम और चांदी करीब एक लाख 70 हजार रुपये प्रति किलो के भाव पर रही। कपड़ा बाजार में महिलाओं ने साड़ियों और आकर्षक परिधानों की खरीदारी की, वहीं बच्चों के कपड़ों की भी अच्छी मांग रही। मोबाइल दुकानों में कम कीमत पर अधिक फीचर वाले फोन ग्राहकों की पसंद बने। कैमरा, बैटरी और स्टोरेज जैसी सुविधाओं को देखकर लोगों ने नए मोबाइल खरीदे।

पुराने फोन बदलकर नए मॉडल लेने वालों की संख्या भी अच्छी रही। इसके विपरीत ऑटोमोबाइल बाजार में अपेक्षाकृत कम उत्साह दिखाई दिया। लगातार बारिश और खराब मौसम के कारण वाहन खरीदने वाले ग्राहक सीमित संख्या में पहुंचे। दोपहिया वाहनों के 40 हजार से 70 हजार रुपये तक के मॉडल उपलब्ध रहे। वहीं आर्टिफिशियल ज्वेलरी, मिट्टी के दीये, दीपक, पूजा थाली, रंगोली और सजावटी सामान बेचने वाले छोटे कारोबारियों को भी अच्छी ग्राहकी मिली। फुटपाथ और छोटी दुकानों पर भी खरीदारी होती रही। पुष्य नक्षत्र की ग्राहकी से व्यापारियों में उत्साह है। अब कारोबारियों को दीपावली के मुख्य पर्व पर भी अच्छी बिक्री की उम्मीद है।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा