ईद मिलाद-उन-नबी पर निकला भव्य जुलूस, समाजजनों में दिखा उत्साह

 


धमतरी, 26 अगस्त (हि.स.)। पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब के यौम-ए-पैदाइश के अवसर पर ईद मिलाद-उन-नबी का पर्व शहर में श्रद्धा, उल्लास और कौमी एकता के साथ मनाया गया। अंजुमन इस्लामिया कमेटी के तत्वावधान में बुधवार को जामा मस्जिद से जुलूस-ए-मोहम्मदी निकाला गया, जो चमेली चौक, मठमंदिर चौक, घड़ी चौक, पुराना बस स्टैंड, रत्नाबांधा चौक, म्युनिसिपल स्कूल चौक, धोबी चौक, शिव चौक, दुर्गा चौक होते हुए कचहरी चौक पहुंचा और पुनः जामा मस्जिद में समाप्त हुआ।

जुलूस में बड़ी संख्या में समाजजन शामिल हुए। इस दौरान नातों की सदाओं से शहर का वातावरण में उत्साह रहा। रंग-बिरंगे परिधानों में सजे बच्चे हाथों में परचम-ए-इस्लाम लेकर जुलूस में शामिल हुए। जामा मस्जिद में परचम कुशाई की रस्म अदा कर सलातो-सलाम का नजराना पेश किया गया। इससे पूर्व महफिल-ए-नात का आयोजन भी हुआ, जिसमें भाईचारे, सद्भाव और इंसानियत का संदेश दिया गया।

कचहरी चौक स्थित स्वागत मंच पर विधायक ओंकार साहू, पूर्व जिला अध्यक्ष मोहन लालवानी सहित कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने जुलूस का आत्मीय स्वागत किया तथा मुस्लिम समाज को ईद मिलाद-उन-नबी की मुबारकबाद दी। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि धमतरी की गंगा-जमुनी तहजीब और आपसी भाईचारा इसकी पहचान है।

पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब ने दुनिया को शांति, दया, प्रेम और इंसानियत का संदेश दिया, जिसे आज के दौर में आत्मसात करने की जरूरत है। इस अवसर पर ब्लाक अध्यक्ष गौतम वाधवानी, खिलेन्द्र ध्रुव, आकाश गोलछा, विशु देवांगन, हरमिंन्दर छाबड़ा, राजेश पाण्डेय, रामनाथ यादव, गुरु गोपाल गोस्वामी, समीना अंजुम, वीणा देवांगन, हितेश्वरी सिन्हा, सलीम गौस, सलीम तिगाला सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा