जांजगीर में ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने की कवायद, सड़क के दोनों ओर 12-12 मीटर का सीमांकन

 




जांजगीर-चांपा, 11 नवंबर (हि. स.)। जांजगीर शहर में यातायात व्यवस्था को सुगम और सुरक्षित बनाने के लिए प्रशासन ने पहल शुरू कर दी है। बुधवार को बीटीआई चौक से कलेक्ट्रेट तिराहा तक निर्माणाधीन डिवाइडर के दोनों ओर 12-12 मीटर की चौड़ाई का सीमांकन कर मार्किंग की गई। इस दौरान प्रशासन, पुलिस, नगर पालिका और लोक निर्माण विभाग की संयुक्त टीम ने सड़क का सर्वे किया।

कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में की गई इस कार्रवाई का उद्देश्य शहर में सड़क पर लगने वाले जाम की समस्या से निजात दिलाना और आवागमन को व्यवस्थित करना है। सर्वे के दौरान सड़क किनारे दुकान संचालित करने वाले व्यापारियों को निर्धारित सीमा के भीतर ही दुकान लगाने और सड़क पर सामान नहीं फैलाने की समझाइश दी गई। साथ ही दुकानदारों को निर्धारित सीमा क्षेत्र से अपने बोर्ड, फ्लेक्स और बैनर हटाने के निर्देश दिए गए।

संयुक्त टीम ने सड़क के दोनों ओर कुछ शासकीय पार्किंग स्थलों का भी चिन्हांकन किया है। इसके अलावा अन्य संभावित स्थानों के शासकीय रिकॉर्ड की जांच कर उन्हें पार्किंग स्थल के रूप में विकसित करने की योजना बनाई गई है। अधिकारियों के अनुसार, सड़क किनारे लगे विद्युत खंभों के कारण कुछ स्थानों पर मार्ग संकरा हो गया है। इन खंभों की शिफ्टिंग के लिए विद्युत विभाग के साथ समन्वय कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

गलत पार्किंग करने वालों पर होगी चालानी कार्रवाई

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित पार्किंग स्थलों के बजाय सड़क पर वाहन खड़े कर यातायात बाधित करने वालों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की जाएगी। सड़क और फुटपाथ पर अतिक्रमण करने वालों पर भी नियमों के तहत कार्रवाई की जा सकती है।

इस संयुक्त सर्वे में राजस्व विभाग, पुलिस, यातायात विभाग, लोक निर्माण विभाग और नगर पालिका के अधिकारी-कर्मचारी शामिल रहे। पुलिस ने नागरिकों और व्यापारियों से सड़क सीमा का पालन करने, फुटपाथ पर अतिक्रमण नहीं करने और दुकानों का सामान सड़क पर नहीं फैलाने की अपील की है। प्रशासन का मानना है कि सभी के सहयोग से जांजगीर शहर को जाममुक्त और व्यवस्थित बनाया जा सकेगा।

हिन्दुस्थान समाचार/ लालिमा शुक्ला पुरोहित

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT