शैक्षणिक भ्रमण में एक दिन की एसपी बनीं छात्रा, स्कूल में वाटर फिल्टर लगाने के दिए निर्देश

 


कोंडागांव, 27 नवंबर (हि.स.)। पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली से विद्यार्थियों को रूबरू कराने और उनमें नेतृत्व क्षमता विकसित करने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक कार्यालय कोंडागांव में शुक्रवार काे शासकीय हाई स्कूल जैतपुरी, फरसगांव के छात्र-छात्राओं का शैक्षणिक भ्रमण कराया गया।

इस दौरान छात्रा प्रिया नेताम को एक दिन के लिए पुलिस अधीक्षक (एसपी) बनने का अवसर मिला। एक दिन की एसपी की जिम्मेदारी संभालते ही प्रिया नेताम ने अपने विद्यालय की पेयजल समस्या को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने स्कूल में स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए वाटर फिल्टर लगाए जाने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।

पुलिस अधीक्षक पंकज चंद्रा ने विद्यार्थियों को पुलिस विभाग की विभिन्न शाखाओं का भ्रमण कराया और पुलिस की कार्यप्रणाली, कानून व्यवस्था बनाए रखने तथा अपराधों की जांच की प्रक्रिया के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। भ्रमण के दौरान एसपी पंकज चंद्रा ने विद्यार्थियों को पुलिस विभाग में इस्तेमाल होने वाली आधुनिक तकनीकों से भी परिचित कराया। उन्होंने आईरिस स्कैनर, क्राइम मैक एप्लीकेशन और फिंगरप्रिंट तकनीक की कार्यप्रणाली समझाते हुए बताया कि इन तकनीकों की मदद से अपराधियों की पहचान और अपराधों के अनुसंधान में किस प्रकार सहायता मिलती है।

इस दौरान विद्यार्थियों ने पुलिस की कार्यप्रणाली और आधुनिक तकनीकी उपकरणों के बारे में उत्सुकता से जानकारी प्राप्त की। यह आयोजन विद्यार्थियों को पुलिस प्रशासन की जिम्मेदारियों को समझने, नेतृत्व क्षमता विकसित करने और सामाजिक समस्याओं के समाधान के लिए पहल करने की प्रेरणा देने वाला रहा। इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य राजेश पांडेय सहित शिक्षक लीना तिवारी, पूनम नाग, गौरव राय, टेमन साहू एवं तौफीक आलम उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे