सेवा संकल्प अभियान के तहत 24 सितंबर को निकलेगा शिक्षा रथ, जरूरतमंद बच्चों तक पहुंचाई जाएगी शैक्षणिक सामग्री
कोरबा, 23 सितंबर (हि. स.)। वंचित एवं जरूरतमंद छात्र-छात्राओं को पढ़ाई के लिए आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से ‘सेवा संकल्प अभियान – सेवा मेरा योगदान’ के तहत 24 सितंबर को ‘शिक्षा रथ’ का आयोजन किया जाएगा। अभियान के माध्यम से समाज के सहयोग से शैक्षणिक सामग्री एकत्रित कर जरूरतमंद विद्यार्थियों तक पहुंचाई जाएगी।
शिक्षा रथ के माध्यम से कॉपी, नोटबुक, पेन, पेंसिल, ज्योमेट्री बॉक्स, कलर बॉक्स, स्कूल बैग, जूते-मोजे, यूनिफॉर्म, कहानी एवं ज्ञानवर्धक पुस्तकें, वाटर बोतल, टिफिन बॉक्स सहित अन्य उपयोगी शैक्षणिक सामग्री एकत्रित की जाएगी। इसके बाद इन सामग्रियों को ऐसे विद्यार्थियों तक पहुंचाया जाएगा, जो आर्थिक या अन्य संसाधनों के अभाव में पढ़ाई में कठिनाइयों का सामना कर रहे हैं।
अभियान के संयोजक एवं अपीलकर्ता मुकुन्द उपाध्याय, सीएसी तिलकेजा ने विकासखंड के शिक्षकों, पालकों, जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों और आम नागरिकों से अभियान में सक्रिय सहभागिता की अपील की है। उन्होंने कहा कि समाज का छोटा-सा सहयोग भी किसी जरूरतमंद बच्चे के लिए शिक्षा की राह आसान बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।
शिक्षा रथ का भ्रमण 24 सितंबर को सुबह 10 बजे सरस्वती शिशु मंदिर, सीतामणी से शुरू होगा। इसके बाद रथ नगर भ्रमण करते हुए सुबह 10:30 बजे माध्यमिक शाला, सीतामणी पहुंचेगा। सुबह 11 बजे गायत्री उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, कोरबा और 11:30 बजे सरस्वती शिशु मंदिर, बस स्टैंड, कोरबा पहुंचेगा।
इसके बाद शिक्षा रथ मुख्य मार्ग से होते हुए बुधवारी बाजार, निहारिका मार्ग और लालघाट पहुंचेगा। यहां से सेजेश बालकों के बाद कन्या बालकों में अभियान का समापन किया जाएगा।
आयोजकों ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपनी सामर्थ्य के अनुसार नई अथवा अच्छी स्थिति में उपयोगी शैक्षणिक सामग्री का सहयोग करें। अभियान का उद्देश्य जरूरतमंद विद्यार्थियों को पढ़ाई के लिए आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराकर उन्हें शिक्षा से जोड़ना और उनके भविष्य को बेहतर बनाने में सामुदायिक सहयोग सुनिश्चित करना है।
‘सेवा संकल्प अभियान – सेवा मेरा योगदान’ के तहत आयोजित शिक्षा रथ के माध्यम से सेवा और जनभागीदारी को शिक्षा से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। आयोजकों ने नागरिकों से अपील की है कि वे आगे आकर अपना योगदान दें और जरूरतमंद बच्चों की शिक्षा की राह को आसान बनाने में सहभागी बनें।
हिन्दुस्थान समाचार/ हरीश तिवारी
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी