शिक्षा विद्यार्थी के जीवन को सही दिशा प्रदान करती है: नंदकिशोर साहू
खरेंगा स्कूल में शिक्षक दिवस पर शिक्षकों का सम्मान
धमतरी, 05 सितंबर (हि.स.)। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय खरेंगा में शिक्षक दिवस के अवसर पर विद्यार्थियों ने विशेष कार्यक्रम आयोजित कर शिक्षकों के प्रति सम्मान एवं कृतज्ञता व्यक्त की। कार्यक्रम में प्राचार्य नंदकिशोर साहू ने विद्यार्थियों को शिक्षा के महत्व, अनुशासन और प्रतिभा विकास के संबंध में मार्गदर्शन दिया।
उन्होंने कहा कि शिक्षा विद्यार्थी के जीवन को सही दिशा प्रदान करती है। विद्यार्थियों को नियमित अध्ययन, समय के सदुपयोग, अनुशासन और लक्ष्य के प्रति निरंतर मेहनत करनी चाहिए। उन्होंने पढ़ाई के साथ खेल, कला, साहित्य, भाषण, सांस्कृतिक एवं अन्य रचनात्मक गतिविधियों में भाग लेने की बात कही, जिससे प्रतिभा और व्यक्तित्व का सर्वांगीण विकास हो सके। इस अवसर पर छात्र-छात्राओं ने शिक्षकों का सम्मान किया और शिक्षक के महत्व पर अपने विचार व्यक्त किए।
विद्यार्थियों ने कहा कि शिक्षक केवल विषय का ज्ञान नहीं देते, बल्कि जीवन में सही मार्गदर्शन देकर बेहतर नागरिक बनने की प्रेरणा भी देते हैं। शिक्षकों ने भी शिक्षक दिवस के महत्व एवं विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास को लेकर अपने विचार साझा किए। कार्यक्रम में प्रभुलाल सिंह, मुकेश कुमार सोनकर, नलिनी राजगढ़िया, नीतू शर्मा, मनेश्वरी वर्मा एवं अंशिता पचौरी सहित शिक्षक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के स्वागत एवं सम्मान में शाला नायक गेतेंद्र साहू, प्रेरणा निषाद, दुर्गा साहू, उज्ज्वल और सागर की भूमिका रही। राष्ट्रीय सेवा योजना कार्यक्रम अधिकारी शेष नारायण गजेंद्र के निर्देशन में स्वयंसेवकों ने सक्रिय सहभागिता निभाई। कार्यक्रम का मंच संचालन टकेश्वर निषाद एवं वैष्णव साहू ने किया।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा