शराब के नशे में स्कूल पहुंचने वाले प्रधानपाठक काे शिक्षा विभाग ने किया निलंबित
कांकेर, 05 नवंबर (हि.स.)। जिले के दुर्गूकोंदल विकासखंड के मंगहूर प्राथमिक शाला से शिक्षा व्यवस्था को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है, जहां एक प्रधानपाठक शराब के नशे में स्कूल पहुंच गए। मामला संज्ञान में आने के बाद आज गुरूवार काे शिक्षा विभाग ने उन्हें निलंबित कर दिया है।
बताया जा रहा है कि दुर्गूकोंदल विकासखंड के मंगहूर प्राथमिक शाला में पदस्थ प्रधानपाठक अशोक बेलसरिया बुधवार को कथित तौर पर शराब के नशे में स्कूल पहुंचे थे, जिसके बाद उनके खिलाफ बड़गांव पुलिस थाने में एफआईआर दर्ज करवाया गया है। वहीं मामले को गंभीरता से लेते हुए शिक्षा विभाग के संयुक्त संचालक ने प्रधानपाठक अशोक बेलसरिया को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। इस संबंध में निलंबन का आदेश भी जारी कर दिया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 04 नवंबर 2026 को प्रधानाध्यापक अशोक कुमार बेलसरिया के शराब के नशे में विद्यालय पहुंचने की शिकायत थाना प्रभारी बड़गांव से की गई थी। शिकायत के बाद उनका मेडिकल परीक्षण कराया गया। इस मामले में एफआईआर भी दर्ज की गई। सिविल अस्पताल पखांजूर की मेडिकल रिपोर्ट के अनुसार प्रधानाध्यापक शासकीय कार्य अवधि के दौरान शराब के नशे में पाए गए।
शासकीय कार्य अवधि के दौरान इस तरह नशे की हालत में विद्यालय पहुंचना छत्तीसगढ़ सिविल सेवा आचरण नियमों का उल्लंघन माना गया। जिला शिक्षा अधिकारी कांकेर की ओर से निलंबन का प्रस्ताव भेजे जाने के बाद शिक्षा संभाग बस्तर के संयुक्त संचालक ने कार्रवाई करते हुए उन्हें प्रथम दृष्टया दोषी मानकर निलंबित कर दिया है। निलंबन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय नरहरपुर निर्धारित किया गया है। सक्षम अधिकारी की अनुमति के बिना वे मुख्यालय नहीं छोड़ सकेंगे। इस दौरान उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता दिया जाएगा।
जिला कलेक्टर कुंदन कुमार लगातार जिले की शिक्षा व्यवस्था में सुधार, शिक्षकों की नियमित उपस्थिति और स्कूलों में अनुशासन बनाए रखने के निर्देश दे रहे हैं। ऐसे में एक शासकीय स्कूल के प्रधानपाठक पर शराब के नशे में स्कूल पहुंचने का आरोप लगना शिक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है। फिलहाल बड़गांव पुलिस मामले की जांच कर रही है, वहीं शिक्षा विभाग की ओर से निलंबन की कार्रवाई की गई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे