कोरबा : निगम कर्मचारी हितों के मुद्दों पर प्रस्ताव शासन को भेजे जाएंगे
कोरबा, 24 जून (हि. स.)। नगर पालिक निगम कोरबा की कर्मचारी परामर्शदात्री समिति की महत्वपूर्ण बैठक आज गुरुवार को आयुक्त आशुतोष पाण्डेय की अध्यक्षता में साकेत भवन में आयोजित की गई। बैठक में कर्मचारियों के हितों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई और कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों को शासन को प्रेषित करने का निर्णय लिया गया।
बैठक में छत्तीसगढ़ स्वायत्तशासी कर्मचारी महासंघ, नगर पालिक निगम कोरबा के महामंत्री अरुण मिश्रा ने कर्मचारियों की समस्याओं और मांगों से संबंधित प्रस्ताव समिति के समक्ष रखे। इन प्रस्तावों पर अधिकारियों एवं कर्मचारी प्रतिनिधियों के बीच विस्तृत विचार-विमर्श हुआ। कर्मचारी संगठन की ओर से आयुक्त को विभिन्न मांगों का ज्ञापन भी सौंपा गया।
बैठक में कर्मचारियों को समयमान वेतनमान का लाभ देने, लंबित पदोन्नति प्रक्रिया को गति देने, निगम में रिक्त पदों पर सीधी भर्ती करने तथा दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों के नियमितीकरण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा हुई। इसके अलावा प्लेसमेंट के माध्यम से कार्यरत कंप्यूटर ऑपरेटरों के वेतन में वृद्धि, तकनीकी कर्मचारियों की भर्ती, कर्मचारियों के लिए ग्रुप इंश्योरेंस और कैशलेस चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के प्रस्तावों पर भी विचार किया गया।
कर्मचारी संगठनों ने संविदा नियुक्ति की परंपरा समाप्त करने, एलएसजीडी का पृथक इंक्रीमेंट जोड़ने, पात्र कर्मचारियों को योग्यता के आधार पर आवास आवंटित करने तथा जर्जर कर्मचारी आवासों की मरम्मत कराने की मांग भी उठाई। समिति ने इन सभी प्रस्तावों पर सकारात्मक चर्चा करते हुए आवश्यक विषयों को शासन स्तर पर भेजने का निर्णय लिया।
आयुक्त आशुतोष पाण्डेय ने कहा कि कर्मचारियों की समस्याओं और मांगों को गंभीरता से लिया जाएगा तथा नियमों के अनुरूप उचित कार्रवाई के लिए शासन को प्रस्ताव भेजे जाएंगे। उन्होंने कर्मचारियों और प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने पर भी जोर दिया।
बैठक में अपर आयुक्त विनय मिश्रा, उपायुक्त पवन वर्मा, लेखाधिकारी भवकांत नायक, छत्तीसगढ़ स्वायत्तशासी कर्मचारी महासंघ के प्रदेश उपाध्यक्ष अखिलेश शुक्ला, निगम अध्यक्ष आनंद दुबे, महामंत्री अरुण मिश्रा, निगम सचिव रामेश्वर सिंह कंवर सहित निगम और कर्मचारी संघ के कई पदाधिकारी उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी