थाना गंज में शुरू हुई ई-मालखाना प्रणाली

 




रायपुर, 7 अगस्त (हि.स.)। रायपुर पुलिस कमिश्नरेट ने थाना गंज में ई-मालखाना प्रणाली की शुरुआत की है। इसका शुभारंभ एडिशनल पुलिस कमिश्नर अमित तुकाराम कांबले (आईपीएस) ने किया।

थाना गंज सेंट्रल ज़ोन का पांचवां थाना बन गया है, जहां यह डिजिटल व्यवस्था शुरू हुई है। इससे पहले कोतवाली, गोलबाजार, मौदहापारा और देवेंद्र नगर थानों में भी ई-मालखाना शुरू किया जा चुका है।

इस प्रणाली के तहत जब्त सामान का पूरा रिकॉर्ड अब ऑनलाइन रखा जाएगा। हर सामान पर यूनिक बारकोड लगाया गया है, जिससे उसकी पहचान और लोकेशन आसानी से पता चल सकेगी। साथ ही सभी जरूरी दस्तावेजों को स्कैन कर डिजिटल रूप में सुरक्षित किया गया है।

पुलिस का कहना है कि, ई-मालखाना प्रणाली से जब्त सामान की निगरानी आसान होगी, रिकॉर्ड सुरक्षित रहेगा और काम में पारदर्शिता व तेजी आएगी।

कार्यक्रम में डीसीपी सेंट्रल ज़ोन तारकेश्वर पटेल सहित पुलिस के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। इस दौरान थाना गंज प्रभारी निरीक्षक दीपक पासवान और उनकी टीम के कार्य की सराहना की गई। एडिशनल पुलिस कमिश्नर ने टीम को प्रोत्साहन स्वरूप विभागीय प्रक्रिया के तहत पुरस्कार देने की घोषणा भी की।

रायपुर पुलिस का उद्देश्य इस नई व्यवस्था के जरिए मालखाना प्रबंधन को अधिक सुरक्षित, आधुनिक और पारदर्शी बनाना है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गायत्री प्रसाद धीवर