ई-केवायसी के बिना नहीं मिलेगा योजनाओं का लाभ, निर्माण श्रमिकों के लिए विशेष अभियान शुरू

 


धमतरी, 17 जून (हि.स.)। छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल द्वारा पंजीकृत निर्माण श्रमिकों एवं असंगठित कर्मकारों के लिए आधार आधारित ई-केवायसी प्रक्रिया शुरू की गई है। इसका उद्देश्य श्रमिकों के हितों की सुरक्षा, पारदर्शिता बढ़ाना तथा विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ वास्तविक पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाना है। इसके तहत पहले चरण में सभी पंजीकृत श्रमिकों के अभिलेखों का आधार कार्ड में दर्ज जानकारी से मिलान कर आवश्यक संशोधन एवं अद्यतन किया जाएगा। यह विशेष अभियान 30 जून 2026 तक संचालित होगा।

श्रम विभाग के अनुसार सभी पंजीकृत निर्माण श्रमिकों को अपने मूल आधार कार्ड के साथ निकटतम चॉइस सेंटर, लोक सेवा केंद्र अथवा कॉमन सर्विस सेंटर पहुंचकर सत्यापन कराना होगा। सीएससी संचालकों द्वारा ऑनलाइन प्रक्रिया के माध्यम से श्रमिकों की जानकारी आधार में उपलब्ध प्रमाणित विवरण के अनुरूप अपडेट की जाएगी। इस दौरान हिन्दी एवं अंग्रेजी में नाम, जन्मतिथि, लिंग और मोबाइल नंबर जैसे महत्वपूर्ण विवरणों में आवश्यक संशोधन किए जाएंगे। विभाग का मानना है कि इससे श्रमिकों का डाटाबेस अधिक सटीक और अद्यतन होगा तथा भविष्य में ई-केवायसी और विभिन्न योजनाओं के लाभ वितरण में किसी प्रकार की परेशानी नहीं आएगी। संशोधन प्रक्रिया के लिए आधार कार्ड की स्पष्ट प्रति, श्रमिक का सहमति पत्र, ई-साइन तथा मोबाइल ओटीपी प्रमाणीकरण अनिवार्य रखा गया है। लाभार्थी की वास्तविक पहचान सुनिश्चित करने के लिए आवेदन के दौरान श्रमिक की लाइव फोटो भी ली जाएगी। आवेदन सफलतापूर्वक जमा होने के बाद एक विशिष्ट आवेदन क्रमांक जारी किया जाएगा, जिसके माध्यम से आवेदन की स्थिति की जानकारी प्राप्त की जा सकेगी।

श्रम विभाग ने सभी पंजीकृत निर्माण श्रमिकों से निर्धारित समयावधि के भीतर अपने रिकॉर्ड का सत्यापन एवं आवश्यक संशोधन कराने की अपील की है। अधिक जानकारी के लिए श्रम विभाग के कॉल सेंटर 0771-3505050, श्रम पदाधिकारी कार्यालय धमतरी, जिले के सभी जनपद पंचायतों में संचालित श्रम संसाधन केंद्रों, नजदीकी चॉइस सेंटर अथवा लोक सेवा केंद्रों से संपर्क किया जा सकता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा