बारिश थमी तो सड़कों पर उड़ने लगी धूल, लोग परेशान
धमतरी, 06 अक्टूबर (हि.स.)। तापमान में तेजी से बदलाव के साथ शहर की सड़कों पर धूल उड़ने लगी है। सिहावा चौक से दानीटोला मार्ग की बदहाल स्थिति के कारण यहां धूल का गुबार कोहरे जैसा दिखाई दे रहा है, जिससे राहगीरों, आसपास के दुकानदारों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। नागरिकों ने नगर निगम से सड़क की सफाई, गड्ढों की मरम्मत और मार्ग की स्थायी व्यवस्था कराने की मांग की है, ताकि आवागमन सुगम हो सके।
सिहावा चौक से दानीटोला मार्ग की हालत लंबे समय से खराब है। समय-समय पर सड़क की मरम्मत तो की जाती है, लेकिन स्थायी समाधान नहीं हो पाया है। सिहावा चौक के पास बड़े-बड़े गड्ढे होने पर विरोध और दुर्घटनाओं की स्थिति को देखते हुए मुरुम, गिट्टी व सीमेंट आदि डालकर अस्थायी रूप से गड्ढों को भर दिया जाता है, लेकिन कुछ ही दिनों बाद सड़क फिर बदहाल हो जाती है। वर्तमान में सड़क से इतनी धूल उड़ रही है कि आसपास के दुकानदारों को सुबह से शाम तक कई बार दुकानों की सफाई करनी पड़ रही है। मार्ग से गुजरने वाले लोगों को धूल से बचने के लिए चेहरे पर रुमाल रखना पड़ रहा है।
शहर नागरिक बलराम तारम ने कहा कि सड़क से उड़ने वाली धूल स्वास्थ्य के लिए हानिकारक है। गिट्टी और सीमेंट का मिश्रण दिनभर हवा में उड़ता रहता है, जिस पर निगम को ध्यान देना चाहिए। खेमलाल ध्रुव ने कहा कि धूल के कारण कई बार सामने से आ रहे वाहन स्पष्ट दिखाई नहीं देते, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। दुर्गेश साहू ने कहा कि शहर की निर्माणाधीन सड़कों पर उड़ती धूल आम राहगीरों और दुकानदारों के लिए बड़ी मुसीबत बन चुकी है। सड़कों पर उड़ने वाली महीन धूल सांसों के जरिए सीधे शरीर में जा रही है। सड़क में उड़ती धूल से बचाव के लिए वैकल्पिक तौर पर दिन में कम से कम दो से तीन बार सड़कों पर पानी का छिड़काव किया जाए।
किसान यूनियन के जिलाध्यक्ष घनाराम साहू ने कहा कि नगर निगम को प्राथमिकता के साथ सड़क की मरम्मत और साफ-सफाई पर ध्यान देना चाहिए, ताकि सड़क पर धूल न उड़े। निगम को इस कार्य को प्राथमिकता से करना चाहिए। लगातार इस मार्ग से आवाजाही करने पर स्वास्थ्य संबंधी परेशानी हो सकती है। शहर के व्यवसायी नरेंद्र साहू ने कहा कि मूलभूत सुविधाओं को प्राथमिकता के साथ दुरुस्त किया जाना चाहिए। नाली और सड़क जैसी बुनियादी सुविधाओं का तत्काल समाधान जरूरी है। धूल के कारण हर दिन लोगों को काफी परेशान होना पड़ता है।
इस संबंध में नगर निगम आयुक्त अरूण कुमार वर्मा ने कहा कि शहर की सड़कों की जल्द मरम्मत की जाएगी। इसके लिए प्रशासनिक स्वीकृति मिल चुकी है। शहर के साथ नगरी और गुंडरदेही तक करीब 60 करोड़ रुपये की लागत से सड़क निर्माण कराया जाएगा, जिससे लोगों को राहत मिलेगी।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा