भाजपा नेता से बदसलूकी पड़ी भारी: दुर्ग जनपद सीईओ निलंबित
दुर्ग 01 जून (हि.स.)। सुशासन तिहार के दौरान भाजपा नेता के साथ कथित दुर्व्यवहार के मामले में जनपद पंचायत दुर्ग के सीईओ रूपेश कुमार पाण्डेय पर बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई करते हुए उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
दुर्ग संभागायुक्त द्वारा आज साेमवार काे जारी आदेश में कहा गया है कि ग्राम थनौद में आयोजित शिविर के दौरान उनके आचरण से संबंधित वीडियो क्लिप के अवलोकन में आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए गए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर दुर्ग ने भी 30 मई को निलंबन की अनुशंसा की थी। वहीं, सीईओ द्वारा प्रस्तुत कारण बताओ नोटिस के जवाब को भी संतोषजनक नहीं माना गया। इसके बाद प्रशासन ने सख्त कदम उठाते हुए निलंबन का आदेश जारी कर दिया।
निलंबित अधिकारी के स्थान पर महेन्द्र कुमार जांगड़े को उनके वर्तमान दायित्वों के साथ जनपद पंचायत दुर्ग के मुख्य कार्यपालन अधिकारी का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।
उल्लेखनीय है कि यह घटना विधायक ललित चंद्राकर की मौजूदगी में हुई थी। विधायक ने भी सीईओ के व्यवहार को लेकर शिकायत दर्ज कराई थी। इस कार्रवाई को प्रशासनिक अनुशासन और जवाबदेही सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गेवेन्द्र प्रसाद पटेल