चक्रवाती तूफान और भारी बारिश की आशंका, 28 अक्टूबर को जिले के सभी स्कूल-कॉलेज और आंगनबाड़ी केंद्र रहेंगे बंद
धमतरी, 27 अक्टूबर (हि.स.)। बंगाल की खाड़ी के ऊपर चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ के प्रभाव और आगामी दिनों में भारी बारिश की आशंका को देखते हुए धमतरी जिले में 28 अक्टूबर, बुधवार को एक दिवसीय अवकाश घोषित किया गया है।
विद्यार्थियों एवं बच्चों की सुरक्षा और स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए लिए गए इस निर्णय के तहत जिले के सभी शासकीय, अशासकीय एवं अनुदान प्राप्त शैक्षणिक संस्थानों के साथ आंगनबाड़ी केंद्र भी बंद रहेंगे। मौसम विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रतिकूल मौसम के कारण विद्यार्थियों और बच्चों को आवागमन में होने वाली संभावित परेशानियों तथा उनकी सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह कदम उठाया गया है। जिला प्रशासन ने संबंधित शैक्षणिक संस्थानों और आंगनबाड़ी केंद्रों को जारी आदेश का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। कलेक्टर अविनाश मिश्रा ने कहा कि शैक्षणिक संस्थानों और आंगनबाड़ी केंद्रों को जारी आदेश का पालन सुनिश्चित करना आवश्यक है।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा