अम्बिकापुर : शराब के नशे में बुलेट दौड़ाना पड़ा भारी, कोर्ट ने चालक पर ठोका 10 हजार रुपये का जुर्माना
अम्बिकापुर, 23 अगस्त (हि.स.)। छत्तीसगढ़ के अम्बिकापुर शहर की सड़कों पर शराब पीकर वाहन दौड़ाने वालों के खिलाफ सरगुजा पुलिस ने सख्त रुख अख्तियार कर लिया है। सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से डीआईजी एवं एसएसपी राजेश अग्रवाल (भा.पु.से.) के निर्देशन में चलाए जा रहे सघन चेकिंग अभियान के तहत यातायात पुलिस ने एक बुलेट सवार शराबी चालक पर शिकंजा कसा है।
यातायात शाखा की टीम जब चेकिंग पॉइंट पर मुस्तैद थी, उसी दौरान बुलेट मोटरसाइकिल (सीजी 15 ईसी 3460) के चालक को रुकवाकर पूछताछ की गई। चालक ने अपनी पहचान दरिमा निवासी 27 वर्षीय कृष्ण कुमार सिंह पिता कालिंदर सिंह के रूप में दी। जांच के दौरान युवक अत्यधिक नशे की हालत में पाया गया। मौके पर ही जब ब्रेथ एनालाइजर मशीन से उसकी जांच की गई, तो शराब का सेवन कर वाहन चलाने की पुष्टि हो गई।
यातायात शाखा प्रभारी उप निरीक्षक विजय कैवर्त और उनकी टीम ने तत्काल वैधानिक कदम उठाते हुए वाहन चालक के विरुद्ध मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत प्रकरण दर्ज किया और मामला सक्षम न्यायालय में प्रस्तुत किया। अदालत ने मामले की गंभीरता और सार्वजनिक सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए आरोपित चालक पर 10,000 रुपये का भारी अर्थदंड लगाया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पारस नाथ सिंह