शराबी पति ने पत्नी पर किया हथौड़ा से जानलेवा हमला, आरोपित गिरफ्तार
धमतरी, 04 सितंबर (हि.स.)। शराब पीने से मना करने पर आक्रोशित पति ने अपने ही पत्नी के सिर पर हथौड़े से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती किया गया है। इधर पुलिस ने आरोपित पति को गिरफ्तार कर आज शुक्रवार काे जेल भेज दिया है।
मगरलोड पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार दो सितंबर की रात ग्राम भैसमुंडी निवासी चम्मन लाल साहू 36 वर्ष शराब के नशे में धुत होकर अपने घर पहुंचा। शराब के नशे में धुत पति को देखकर जब पत्नी किरण साहू ने शराब पीने से मना करने की बात कहा, तो शराबी पति पत्नी से विवाद करने लगा। विवाद बढ़ा तो आरोपित पति चम्मन लाल साहू गुस्से में आकर लोहे के हथौड़े से पत्नी के सिर पर कई बार वार कर दिया, जिससे पत्नी किरण खून से लथपथ होकर गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना को अंजाम देने के बाद आरोपित पति वहां से भाग निकले। इधर स्वजन ने घायल किरण साहू को देखने के बाद डायल 112 को सूचना दी, तो मौके पर पहुंचे और उन्हें उपचार के लिए मगरलोड अस्पताल पहुंचाया, जहां महिला की स्थिति को देखते हुए डाक्टरों ने उन्हें बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल रिफर कर दिया। जिला अस्पताल धमतरी में घायल महिला का उपचार जारी है। घटना की खबर पुलिस को मिली, तो पुलिस टीम गांव पहुंचकर आरोपित पति चम्मन लाल साहू को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में आरोपित ने घटना को अंजाम देना स्वीकार किया और पुलिस उसके पास से घटना में प्रयुक्त लोहे का हथौड़ा जब्त कर कार्रवाई की। पुलिस ने आरोपित पति को विधिवत गिरफ्तार कर आज न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा