अम्बिकापुर : ड्रंक एंड ड्राइव पर पुलिस का एक्शन, दो कार और एक स्कूटी चालक पर 30 हजार रुपये का जुर्माना

 


अम्बिकापुर, 07 अगस्त (हि.स.)। सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से सरगुजा पुलिस द्वारा यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ लगातार सख्त अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश अग्रवाल (भा.पु.से.) के दिशा-निर्देशन में यातायात शाखा की पुलिस टीम ने चेकिंग के दौरान शराब के नशे में वाहन चला रहे तीन चालकों को पकड़कर उनके खिलाफ कड़ी वैधानिक कार्रवाई की है। शुक्रवार काे न्यायालय ने मामले की सुनवाई करते हुए तीनों चालकों पर कुल 30,000 रुपये का भारी अर्थदंड लगाया है।

यातायात पुलिस द्वारा चलाए गए चेकिंग अभियान के दौरान पहली कार्रवाई कार क्रमांक सीजी 15 ईई 5646 के चालक पर की गई। पूछताछ करने पर चालक ने अपना नाम अमिताभ पन्ना (26 वर्ष), निवासी सलयाडीह (थाना बतौली) बताया। ब्रेथ एनालाइजर से जांच करने पर चालक अत्यधिक नशे में धुत्त पाया गया। इसी तरह दूसरे प्रकरण में कार क्रमांक जेएच 01 बीएफ 5109 के चालक विशाल (24 वर्ष), निवासी सुर (थाना सीतापुर) को भी शराब के नशे में वाहन चलाते हुए पकड़ा गया। तीसरे मामले में स्कूटी क्रमांक सीजी 15 ईएच 8601 के चालक मुकेश मिंज (31 वर्ष), निवासी गंगापुर (थाना गांधीनगर) को चेकिंग के दौरान रोका गया, जिसकी ब्रेथ एनालाइजर जांच में नशे की पुष्टि हुई।

शराब का सेवन कर खतरनाक तरीके से वाहन चलाने पर पुलिस ने तीनों अनावेदकों के विरुद्ध मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत प्रकरण दर्ज कर मामला न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया। न्यायालय ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तीनों वाहन चालकों पर 10-10 हजार रुपये, यानी कुल 30,000 रुपये का अर्थदंड लगाने का फैसला सुनाया। इस संपूर्ण कार्रवाई में यातायात शाखा प्रभारी उप निरीक्षक विजय कैवर्त एवं उनकी टीम की सक्रिय भूमिका रही।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पारस नाथ सिंह