नशामुक्त युवा ही विकसित भारत की सबसे बड़ी शक्ति : ओ.पी. चौधरी
धमतरी, 02 अगस्त (हि.स.)। धमतरी में नशामुक्त युवा–विकसित भारत संकल्प अभियान, 100 एआई प्रशिक्षित युवाओं को प्रमाण-पत्र, 10 लाख रुपये प्रोत्साहन राशि की घोषणा लोगों को नशामुक्ति की शपथ दिलाई गई।
मराठा मंगल भवन में रविवार को आयोजित ‘नशामुक्त युवा–विकसित भारत संकल्प अभियान’ को संबोधित करते हुए वित्त, वाणिज्यिक कर, आवास एवं पर्यावरण तथा योजना, आर्थिक एवं सांख्यिकी मंत्री ओ.पी. चौधरी ने कहा कि नशामुक्त युवा ही विकसित भारत की सबसे बड़ी शक्ति हैं। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहकर ज्ञान, तकनीक, नवाचार और उद्यमिता को अपनाने का आह्वान करते हुए कहा कि यही विकसित भारत के निर्माण का सबसे मजबूत आधार है।
कार्यक्रम में लोकसभा सांसद रूपकुमारी चौधरी, जिला पंचायत अध्यक्ष अरुण सार्वा, महापौर रामू रोहरा, पूर्व विधायक रंजना साहू, कलेक्टर अबिनाश मिश्रा सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, विद्यार्थी, युवा और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का उद्बोधन लाइव प्रसारित किया गया, जिसमें उन्होंने युवाओं से नशे जैसी सामाजिक बुराई से दूर रहकर शिक्षा, कौशल, खेल, नवाचार और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत की युवा शक्ति ही वर्ष 2047 तक विकसित राष्ट्र बनने के संकल्प को साकार करेगी। प्रधानमंत्री के संदेश का उल्लेख करते हुए ओ.पी. चौधरी ने कहा कि नशामुक्ति केवल सामाजिक अभियान नहीं, बल्कि विकसित भारत के निर्माण का जनआंदोलन है। उन्होंने युवाओं से प्रधानमंत्री के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने और अपने परिवार व समाज में नशामुक्ति का वातावरण बनाने की अपील की। इस अवसर पर मंत्री ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) प्रशिक्षण प्राप्त 100 युवाओं को प्रशिक्षण प्रमाण-पत्र प्रदान किए तथा प्रत्येक प्रशिक्षित युवा को 10-10 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा की। इस तरह कुल 10 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाएगी।
उन्होंने कृषि विज्ञान केंद्र के तकनीकी मार्गदर्शन में लगाए गए मराठा किचन मसाला एवं पकवान, महिला स्व-सहायता समूहों के उत्पादों तथा अन्य प्रदर्शनी स्टॉलों का अवलोकन कर प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन भी किया। अपने संबोधन में ओ.पी. चौधरी ने कहा कि भारत दुनिया के सबसे युवा देशों में शामिल है और यही युवा शक्ति देश की सबसे बड़ी पूंजी है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 में भारत विश्व की दसवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था था, जो आज चौथे स्थान पर पहुंच चुका है और जल्द ही तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की ओर अग्रसर है। उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य, तकनीक और नवाचार के क्षेत्र में देश और छत्तीसगढ़ की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रदेश में उच्च शिक्षा और तकनीकी संस्थानों के विस्तार से युवाओं के लिए नए अवसर उपलब्ध हुए हैं। उन्होंने सोशल मीडिया के सकारात्मक उपयोग पर जोर देते हुए कहा कि युवाओं को भ्रामक और नकारात्मक सामग्री से बचते हुए विवेकपूर्ण निर्णय लेने चाहिए। नशा युवाओं की ऊर्जा, प्रतिभा और भविष्य को कमजोर करता है, इसलिए इससे दूर रहकर ही परिवार, समाज और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारियों का बेहतर निर्वहन किया जा सकता है।
कार्यक्रम की शुरुआत में कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि जिला प्रशासन युवाओं के कौशल विकास, रोजगार, डिजिटल सशक्तिकरण और नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए लगातार कार्य कर रहा है। उन्होंने बताया कि एआई प्रशिक्षण कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं को भविष्य की रोजगार संभावनाओं के अनुरूप तैयार किया जा रहा है। कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने नशामुक्त समाज के निर्माण और विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में सक्रिय भागीदारी निभाने का संकल्प दोहराया।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा