औषधि विक्रेता संघ के चुनाव में अजय गुप्ता अध्यक्ष, द्वारिका नाथ पांडेय सचिव और नवीन गुप्ता कोषाध्यक्ष निर्विरोध निर्वाचित

 


बलरामपुर, 14 सितंबर (हि.स.)। बलरामपुर-रामानुजगंज औषधि विक्रेता संघ का निर्वाचन सोमवार को रामानुजगंज स्थित मां तारा गोपाल हाइट्स में निर्धारित प्रक्रिया के तहत संपन्न हुआ। चुनाव में अध्यक्ष पद पर अजय गुप्ता, सचिव पद पर द्वारिका नाथ पांडेय और कोषाध्यक्ष पद पर नवीन गुप्ता निर्विरोध निर्वाचित हुए। निर्धारित समय में इन तीन पदों के लिए तीन ही नामांकन प्राप्त हुए। अन्य किसी सदस्य ने किसी पद के लिए दावेदारी प्रस्तुत नहीं की।

संघ की ओर से रमाशंकर कुशवाहा को मुख्य निर्वाचन अधिकारी बनाया गया था। उनके निर्देशन में निर्वाचन की पूरी प्रक्रिया निर्धारित समय-सारणी के अनुसार कराई गई। सोमवार दोपहर 2 बजे से 2:30 बजे तक नामांकन पत्र वितरण किया गया। इसके बाद 2:31 से 3 बजे तक नामांकन पत्र जमा करने का समय निर्धारित था। 3 बजे से 3:30 बजे तक प्राप्त नामांकन पत्रों की जांच की गई।

जांच के बाद उम्मीदवाराें की प्रारंभिक सूची शाम 3:45 बजे तक जारी की गई। नामांकन पत्रों पर आपत्ति और उनके निराकरण के लिए 3:46 से 4:30 बजे तक का समय निर्धारित था। इसके बाद 4:45 बजे तक संशोधित सूची जारी की गई। नाम वापसी के लिए शाम 5:30 बजे तक का समय दिया गया, जबकि अंतिम प्रत्याशी सूची शाम 5:45 बजे तक जारी की गई।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी रमाशंकर कुशवाहा ने बताया कि नामांकन प्रक्रिया दोपहर 2 बजे शुरू की गई थी। निर्धारित समय तक केवल तीन नामांकन पत्र प्राप्त हुए। अध्यक्ष पद के लिए अजय गुप्ता, सचिव पद के लिए द्वारिका नाथ पांडेय और कोषाध्यक्ष पद के लिए नवीन गुप्ता ने नामांकन दाखिल किया।

उन्होंने बताया कि संघ से जुड़े करीब 238 केमिस्टों के बीच निर्धारित समय तक अन्य किसी सदस्य ने चुनाव लड़ने के लिए नामांकन प्रस्तुत नहीं किया। नामांकन पत्रों की स्क्रूटनी के दौरान तीनों आवेदन सही पाए गए। इसके बाद आपत्ति और नाम वापसी के लिए निर्धारित समय भी पूरा कराया गया। किसी अन्य दावेदारी के सामने नहीं आने के कारण तीनों पदों पर निर्विरोध निर्वाचन की घोषणा की गई।

निर्विरोध निर्वाचन के बाद संघ के सदस्यों ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई दी। अध्यक्ष अजय गुप्ता, सचिव द्वारिका नाथ पांडेय और कोषाध्यक्ष नवीन गुप्ता के निर्विरोध चुने गए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय